टीएनपी डेस्क (TNP DESK): वो दौर और था जब बिहार में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति दयनीय थी, वहीं आज का बिहार कुछ ऐसा है जहां अब रोबोटिक सर्जरी से लोगों का सफल इलाज हो रहा है. इसी बीच स्वास्थ्य के क्षेत्र में पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बिहार के मरीजों को दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में पहली बार रोबोटिक तकनीक के जरिए पैनक्रियाज कैंसर का सफल ऑपरेशन कर चिकित्सा क्षेत्र में नया अध्याय जोड़ा गया है.
2 अप्रैल को आईजीआईएमएस के जीआई सर्जरी विभाग में दरभंगा के 71 वर्षीय मरीज का रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से सफल उपचार किया गया. अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष मंडल के नेतृत्व में छह विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने इस जटिल सर्जरी को अंजाम दिया. मरीज ने एक सप्ताह पहले डॉ. राकेश कुमार सिंह के ओपीडी में जांच करवाई थी, जिसमें खून की जांच और सीटी स्कैन के बाद पैनक्रियाज कैंसर की पुष्टि हुई.
डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पारंपरिक सर्जरी या लेप्रोस्कोपिक विधि से ऑपरेशन में अधिक समय लगता है और रक्तस्राव की आशंका भी रहती है, जिससे मरीज को आईसीयू और वेंटिलेटर की जरूरत पड़ सकती है. वहीं, रोबोटिक सर्जरी से यह ऑपरेशन मात्र छह घंटे में पूरा किया गया और खर्च भी अपेक्षाकृत कम रहा. जहां लेप्रोस्कोपिक सर्जरी में लगभग एक लाख रुपये खर्च आते हैं, वहीं यह ऑपरेशन करीब पचास हजार रुपये के पैकेज में पूरा हुआ.
सर्जरी के बाद मरीज को एक रात आईसीयू में निगरानी में रखा गया और अगले ही दिन सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उसकी हालत स्थिर और बेहतर बताई जा रही है. संस्थान के निदेशक डॉ. बिंदे कुमार ने कहा कि अब आईजीआईएमएस में विभिन्न विभागों में रोबोटिक तकनीक के जरिए जटिल ऑपरेशन किफायती दरों पर किए जाएंगे. इससे राज्य के मरीजों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उनका समय व पैसा दोनों बचेगा. इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पूरी मेडिकल टीम और सहयोगी स्टाफ को संस्थान की ओर से बधाई दी गई है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


