पटना(PATNA):राजधानी पटना के राजा बाजार स्थित पारस हॉस्पिटल में उस समय भारी बवाल हो गया जब 15 साल के युवक विशाल की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की.परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान भारी लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उनके बच्चे की जान चली गई.
बाहर खड़ी कई गाड़ियों को भी नुकसान
गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में शीशे तोड़ दिए, गमले फेंके और बाहर खड़ी कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया.परिजनों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि इलाज के नाम पर लगातार पैसे वसूले जा रहे थे और किडनी निकालने जैसी बातें भी कही गई.हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
हालात को संभालना मुश्किल
बताया जा रहा है कि युवक फुलवारी शरीफ इलाके में क्रिकेट खेल रहा था, तभी उसे चोट लग गई थी.इसके बाद उसे इलाज के लिए पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ और गुस्से के कारण हालात को संभालना मुश्किल हो गया. काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया.

