दरभंगा (DARBHANGA): दरभंगा से बड़ी खबर सामने आई है. जिले के केवटी प्रखंड में तैनात प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. मुजफ्फरपुर की विशेष निगरानी अदालत से वारंट मिलने के बाद ईओयू की टीमों ने बुधवार को एक साथ छह ठिकानों पर छापेमारी शुरू की. इस कार्रवाई के तहत बीडीओ के केवटी स्थित सरकारी आवास, बहादुरपुर के देकुली स्थित किराये के मकान, और मधुबनी के बाबूबरही स्थित पैतृक गांव बैंसी में सघन तलाशी ली जा रही है. इसके अतिरिक्त, खजौली रेलवे स्टेशन पर एएसएम के पद पर कार्यरत उनके भाई विश्वमोहन पासवान के घर को भी खंगाला जा रहा है.
जांच में पता चल की बीडीओ चंद्रमोहन पासवान पर अपनी घोषित आय से लगभग 81 प्रतिशत अधिक, यानी करीब 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है. केवटी निवासी मोहम्मद इकबाल अंसारी द्वारा की गई शिकायत के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बीडीओ ने सीतामढ़ी के नानपुर, समस्तीपुर के विभूतिपुर और दरभंगा के केवटी प्रखंड में अपने कार्यकाल के दौरान बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार कर बेनामी संपत्तियां बनाईं. पहचान और सेवा पुस्तिका में हेराफेरी कर इन काली संपत्तियों को छिपाने का प्रयास किया गया था.
आपको बता दें, ईओयू की टीम बीडीओ के साले चुन्नू चौधरी के नाम पर संचालित दरभंगा के 'जीटी मार्ट' मॉल और बाबूबरही पूर्वी बाजार स्थित बंद पड़े 'जीटी हेल्थ केयर नर्सिंग होम' पर भी कागजात खंगाल रही है. इसके अलावा, दरभंगा हवाई अड्डा और एम्स क्षेत्र में पत्नी व साले के नाम पर खरीदी गई कीमती जमीनों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में जमीनी कागजात, बैंक खाते, गोदरेज और कीमती सामानों का मिलान किया जा रहा है. इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.

