जहानाबाद में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, पथराव में दो पुलिस कर्मी घायल

    जहानाबाद में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, पथराव में दो पुलिस कर्मी घायल

    जहानाबाद  : शकूराबाद थाना क्षेत्र के गुलाबगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भारी बवाल हो गया. आक्रोशित लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.

    अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव

    हाईकोर्ट के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी. कार्रवाई शुरू होते ही कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक रोडबाजी और पत्थरबाजी शुरू कर दी जिससे मौके पर अफरातफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

    दोषियों को चिन्हित कर होगी कानूनी कार्रवाई

    स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी भी अतिरिक्त बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे हैं. पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल करने पर जोर दिया जा रहा है.

    स्थिति नियंत्रण में 

    जिला परिवहन पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की जा रही थी इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किया गया . फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

     



    Related News