सुपौल(SUPAUL):सुपौल जिले के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत सखुआ गांव से एक युवक द्वारा तमंचा लहराते हुए डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो को लेकर इलाके में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है. बताया जा रहा है कि वीडियो 13 मई 2026 की है, जब गांव से एक बारात मधुबनी जिले के हिरपट्टी जा रही थी.जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रहा युवक ललमनिया पंचायत के वार्ड संख्या 7 स्थित सखुआ गांव निवासी जगदीश प्रसाद साह का पुत्र सुशील कुमार बताया जा रहा है.
फिर बिहार से वायरल हुआ वीडियो
दावा किया जा रहा है कि बारात डोमी साह के बेटे की शादी समारोह में शामिल होने के लिए सखुआ गांव से निकली थी. इसी दौरान ललमनिया पंचायत स्थित मुंगराहा पुल के पास भोजपुरी गीत बजने पर युवक तमंचा लहराते हुए डांस करता नजर आया.वीडियो में हथियार के प्रदर्शन को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है.
हर्ष फायरिंग होने की भी चर्चा
ग्रामीणों का कहना है कि शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग होने की भी चर्चा है. हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. वीडियो वायरल होने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है. स्थानीय लोगों ने ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.इधर, वायरल वीडियो सामने आने के बाद नदी थाना पुलिस सक्रिय हो गई है. बताया जा रहा है कि देर शाम पुलिस टीम युवक के घर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई.पुलिस वीडियो की सत्यता, हथियार की प्रकृति और हर्ष फायरिंग के आरोपों की जांच कर रही है.
पढ़िये पुलिस ने क्या कहा
वहीं निर्मली के सर्किल इंस्पेक्टर राणा रणविजय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है. उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है.

