पटना : प्रदेश में गैस की बढ़ती किल्लत को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस महानगर मोर्चा के सदस्य सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के पोस्टर पर कालिख भी पोत दी और गैस आपूर्ति जल्द से जल्द सामान्य करने की मांग की.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश में रसोई गैस की कमी के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. घरों में चूल्हे ठंडे पड़ने की नौबत आ गई है लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रही है. इसी के विरोध में कांग्रेस महानगर मोर्चा ने धरना-प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की नीतियां “खाने को और, दिखाने को और” वाली हैं और जनता को सिर्फ जुमले सुनाए जा रहे हैं. नेताओं ने कहा कि महंगाई और गैस की किल्लत ने आम लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है.कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि प्रदेश में रसोई गैस की आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारु की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके. उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
इस मौके पर कांग्रेस नेता प्रकाश गुप्ता पुजारी ने कहा कि यह अभियान पूरी तरह जनहित में चलाया जा रहा है और लोगों का भी इसे भरपूर समर्थन मिल रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी. प्रकाश गुप्ता पुजारी ने कहा, “कांग्रेस का हाथ हमेशा जनता के साथ रहा है. हम आम लोगों की समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाते रहेंगे और सरकार को जनता के हित में फैसले लेने के लिए मजबूर करेंगे.”
Thenewspost - Jharkhand
4+


