व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, बिहार के पटना में वारदात

    व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, बिहार के पटना में वारदात

    पटना : बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने देर रात तांडव मचाया. शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाके सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट में अपराधियों ने दो लोगों को गोली मार दी. इस घटना में एक प्याज व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है. घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

    फायरिंग से इलाके में मची अफरा-तफरी

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात देर रात उस समय हुई जब बाजार क्षेत्र में लोगों की आवाजाही कम हो रही थी. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. घायलों का बयान भी दर्ज कर लिया गया है जिसके आधार पर पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

    आपसी रंजिश में घटना की आशंका

    सिटी एसपी ईस्ट परिचय कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या व्यवसायिक विवाद की आशंका जताई जा रही है हालांकि पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा. गौरतलब है कि मुसल्लहपुर हाट पटना का सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाला इलाका माना जाता है. ऐसे इलाके में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में दहशत का माहौल है.पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.



    Related News