बिहार : क्यों कहा जा रहा कि नीतीश कुमार का दिल बिहार में ही रहेगा, किस काम के लिए हुए अधिकृत?

    बिहार : क्यों कहा जा रहा कि नीतीश कुमार का दिल बिहार में ही रहेगा, किस काम के लिए हुए अधिकृत?

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य में अपनी पकड़ ढीली करना नहीं चाहते. नीतीश कुमार दिल्ली में रहते हुए भी बिहार की राजनीति में अपनी उपस्थिति बनाए रखेंगें. इसके लगातार संकेत मिल रहे हैं. नीतीश कुमार को राज्यसभा सांसद बनने के बाद दिल्ली के लुटियंस में नया सरकारी आवास आवंटित हुआ है. नीतीश का दिल्ली में पुराना पता 6, कामराज लेन था, जो बदलकर 9, सुनहरी बाग रोड हो गया है. उन्हें जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा भी दी गई है. यह सुरक्षा देश भर में लागू रहेगी. पहले उनके पास केवल मुख्यमंत्री वाली विशेष सुरक्षा थी. 

    दिल्ली में भी रहेंगे फिर भी बिहार को नहीं छोड़ेंगे
     
    बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली में भी रहेंगे फिर भी बिहार को नहीं छोड़ेंगे, यह बात उनके पार्टी के लोग लगातार कह रहे हैं. सोमवार को उनके आवास एक अने मार्ग पर हुई जदयू की बैठक में भी इसके संकेत मिले है. पार्टी ने विधानमंडल दल का नेता चुनने के लिए नीतीश कुमार को ही अधिकृत किया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष की हैसियत से वह नेता और उप नेता दोनों पर फैसला करेंगें. सोमवार को जदयू की बैठक में उन्हें यह पावर दिया गया है. सोमवार को नीतीश कुमार के आवास पर पार्टी की बड़ी बैठक हुई, जिसमें सभी विधायक और सांसद मौजूद रहे. वहाँ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी पहुंचे थे. 

    नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद होना है चयन 
     
    नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद विधान मंडल दल के नए नेता का चुनाव होना है. इसी के लिए बैठक बुलाई गई थी. बैठक के बाद बताया गया कि विधायक दल के नेता और उप नेता का नाम चयन  के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष को अधिकृत कर दिया गया है. नीतीश कुमार ने कहा कि वह केवल संसदीय कार्य के लिए दिल्ली में रहेंगे, उसके बाद बिहार में समय देंगे. अपनी पार्टी के नेताओं के साथ रहेंगे, वह सिर्फ पटना में ही नहीं, बल्कि राज्य के विभिन्न इलाकों में जाएंगे और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. विधान पार्षद नीरज कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार कहीं भी रहेंगे, उनकी आत्मा बिहार में रहती है और वह अपने प्रदेश के लिए काम करते रहेंगे. सूत्र बता रहे हैं कि नीतीश कुमार फिर से पूरे बिहार की यात्रा पर निकलने की तैयारी  कर रहे हैं.



    Related News