TNP DESK- प्रधानमंत्री की अपील के बाद बिहार में कटौती की शुरुआत कर दी गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के काफिले में वाहनों की संख्या घटा दी गई है. मुख्यमंत्री ने अन्य लोगों से भी ऐसा करने की अपील की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने डीजल, पेट्रोल की बचत के लिए वाहनों के कम से कम उपयोग करने की अपील की है. इसे लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं
मुख्यमंत्री कारकेड में वाहनों की संख्या कम होगी
मुख्यमंत्री कारकेड में वाहनों की संख्या कम अथवा न्यूनतम करने का निर्णय लिया गया है. मंत्री गण, निगम बोर्ड के अध्यक्ष गण एवं सदस्य गण, सभी पदाधिकारी गण एवं जनप्रतिनिधि गण से बिना अतिरिक्त वाहन के सार्वजनिक कार्यक्रमों में आने की अपील की गई है. राज्य की जनता से मेट्रो, बस, ऑटो अथवा अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट के प्रयोग पर जोर देने का आग्रह किया गया है.
सप्ताह में एक दिन 'नो व्हीकल डे' का होगा आयोजन
राज्य सरकार के सभी विभागों को सभी प्रकार के कॉन्फ्रेंस अथवा सरकारी बैठकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. प्रदेश के सरकारी दफ्तरों में संचालित होने वाले कैंटीन में पाम ऑयल के कम से कम प्रयोग का निर्देश दिया गया है.
सरकारी तथा निजी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को बढ़ावा देने की सलाह दी गई है. सप्ताह में एक दिन सभी लोगों से 'नो व्हीकल डे' के आयोजन का आग्रह किया गया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है अपील
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में अपने एक दौर के दौरान देश की जनता से ईंधन और सोने की खपत को कम करने की अपील की थी. उन्होंने वर्क फ्रॉम होम कल्चर को भी बढ़ावा देने की बात कही थी. प्रधानमंत्री ने भी अपने काफिले को छोटा कर दिया है.

