बिहार ने ‘ब्लू रेवोल्यूशन’ में बनाया नया रिकॉर्ड: 39 हजार टन मछलियों का निर्यात, उत्पादन में उछाल से देश-विदेश में बढ़ी डिमांड

    बिहार ने ‘ब्लू रेवोल्यूशन’ में बनाया नया रिकॉर्ड: 39 हजार टन मछलियों का निर्यात, उत्पादन में उछाल से देश-विदेश में बढ़ी डिमांड

    पटना (PATNA): कभी दूसरे राज्यों पर निर्भर रहने वाला बिहार अब मछली उत्पादन और निर्यात के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है. राज्य ने न केवल उत्पादन में बड़ी छलांग लगाई है, बल्कि अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है. हाल के आंकड़े बताते हैं कि बिहार से बड़े पैमाने पर मछलियों की सप्लाई देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ पड़ोसी देशों तक हो रही है.

    राज्य के अलग-अलग जिलों से करीब 39.07 हजार टन मछलियों का निर्यात किया गया है. ये मछलियां नेपाल के अलावा सिलीगुड़ी, लुधियाना, अमृतसर, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, कप्तानगंज, रांची और गोड्डा जैसे प्रमुख बाजारों में भेजी जा रही हैं. बढ़ती मांग को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में यह आंकड़ा और तेजी से बढ़ सकता है.

    राज्य सरकार का डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग मछली उत्पादन और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहा है. कृषि रोडमैप के तहत मत्स्य पालन को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे कम भूमि में अधिक उत्पादन संभव हो पा रहा है. यही वजह है कि बीते एक दशक में मछली उत्पादन में करीब 100 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है.

    जहां वर्ष 2013-14 में बिहार मछली उत्पादन में राष्ट्रीय स्तर पर नौवें स्थान पर था, वहीं अब यह चौथे स्थान पर पहुंच चुका है. आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2023-24 में राज्य में 8.73 लाख मीट्रिक टन मछली का उत्पादन हुआ था, जो 2024-25 में बढ़कर 9.59 लाख मीट्रिक टन हो गया है.

    बढ़ते उत्पादन का सीधा लाभ मछली पालक किसानों को मिल रहा है. उनकी आय में वृद्धि हो रही है और जीवन स्तर में भी सुधार देखा जा रहा है. इसी दिशा में एक और पहल करते हुए सरकार पटना सहित कई नगर निगम क्षेत्रों में जल्द ही “फ्रेश कैच फिश आउटलेट” शुरू करने जा रही है, जहां उपभोक्ताओं को ताजी और जीवित मछलियां उपलब्ध कराई जाएंगी. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह प्रयास जारी रहे, तो बिहार आने वाले समय में देश का प्रमुख “फिश हब” बन सकता है.



    Related News