बिहार सरकार का बड़ा ऐलान: NEET परीक्षार्थियों को सरकारी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा

    बिहार सरकार का बड़ा ऐलान: NEET परीक्षार्थियों को सरकारी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा

    पटना(PATNA):बिहार सरकार की ओर से नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी घोषणा की है.जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य की सभी सरकारी बसों में परीक्षा के दिन निशुल्क यात्रा की व्यवस्था करने का ऐलान किया है.इस फैसले से बिहार के विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने वाले हजारों छात्रों को राहत मिलेगी.

    मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर जानकारी दी

    मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए कहा कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों से सरकारी बसों में कोई किराया नहीं लिया जाएगा.परीक्षा के दिन अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड दिखाकर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे. सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी छात्र को आर्थिक या परिवहन संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े.

     गैर सरकारी संस्थाओं से भी सहयोग की अपील

    इसके साथ ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिला प्रशासन, सामाजिक संगठनों और गैर सरकारी संस्थाओं से भी सहयोग की अपील की है उन्होंने कहा कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए, ताकि भीषण गर्मी के बीच छात्रों को किसी तरह की दिक्कत न हो.सरकार के इस फैसले की छात्रों और अभिभावकों ने सराहना की है.



    Related News