कंटेनर से टकराई कार, भीषण सड़क हादसे में डॉक्टर दंपत्ति की मौत

    कंटेनर से टकराई कार, भीषण सड़क हादसे में डॉक्टर दंपत्ति की मौत

    वैशाली : खबर बिहार के वैशाली से है जहां मुजफ्फरपुर हाजीपुर एनएच 22 पर अहले सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ. जब घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई जिसमें सवार डॉक्टर दम्पति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार चालक बच गया लेकिन उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना सराय टोल प्लाजा के पास की है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. मृतकों की पहचान अररिया सदर अस्पताल में कार्यरत डॉ. जितेंद्र प्रसाद (50) और उनकी पत्नी (45) के रूप में हुई है. वे पटना जिले के निवासी थे और अररिया से पटना स्थित अपने घर लौट रहे थे.

    मुजफ्फरपुर से पटना जाने वाली लेन में हुआ हादसा

    इस बारे में सराय थानाध्यक्ष मणि भूषण कुमार ने बताया कि हादसा सुबह करीब 4:15 बजे मुजफ्फरपुर से पटना जाने वाली लेन में हुआ. कोहरे के कारण कार ने बाईं ओर खड़े एक कंटेनर को पीछे से टक्कर मार दी थी. टक्कर के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही सराय थाने की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को निकालकर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया. लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने डॉक्टर दंपति को मृत घोषित कर दियाजबकि चालक घायल है और उसका इलाज चल रहा है. कार में मौजूद एक कुत्ता भी सुरक्षित बच गया है.



    Related News