बेतिया(BETTIAH):पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है.जहां मझौलिया थाना क्षेत्र के सरिसवा तेलिया पट्टी में आठवीं कक्षा के एक छात्र के साथ कुछ युवकों ने ऐसी हैवानियत की, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. वायरल वीडियो में छात्र को बेल्ट और जूतों की माला पहनाकर केवल अंडरवियर में बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है. बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार 17 मई को करीब 11 बजे हुई.
स्कूल से घर लौटने के दौरान पिटाई
जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्र हिमांशु कुमार, सरिसवा तेलिया पट्टी स्थित अंशु प्रिया पब्लिक स्कूल में वर्ग आठ का छात्र है. वह पढ़ाई खत्म कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे रास्ते में पकड़ लिया और सार्वजनिक रूप से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इतना ही नहीं, आरोपियों ने छात्र को अपमानित करने के लिए उसके गले में बेल्ट और जूतों की माला डाल दी और उसके कपड़े उतरवाकर अमानवीय व्यवहार किया. इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
मामले की जांच शुरू
बताया गया है कि हिमांशु कुमार मोहछि बनकटवा रतनमाला वार्ड-2 स्थित अपने नाना महेश साह के घर रहकर पढ़ाई करता है.घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए मझौलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मझौलिया पुलिस तत्काल हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग किशोर को हिरासत में लिया है.पुलिस का कहना है कि किशोर को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है. वहीं, घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पूरे इलाके में गुस्से का माहौल
इस घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्से का माहौल है.स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

