बाढ़ में बारात पर हमला : 7 लोग हुए घायल, अस्पताल से मंडप तक चला शादी का ड्रामा

    बाढ़ में बारात पर हमला :  7 लोग हुए घायल, अस्पताल से मंडप तक चला शादी का ड्रामा

    बाढ़ (BIHAR) : एक शादी समारोह उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब झारखंड के बोकारो से आई बारात पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया. घटना बाढ़ रेलवे स्टेशन के पास दयाचक मोहल्ला की है जहां बारात के दौरान अचानक हुई मारपीट में 7 बाराती घायल हो गए.

    असमाजिक तत्वों ने की बदसलूकी

    बताया जा रहा है कि बारात डीजे की धुन पर आगे बढ़ रही थी और बाराती नाच-गाने में मशगूल थे. इसी दौरान कुछ शरारती तत्व भीड़ में घुस आए और बारातियों के साथ बदसलूकी करने लगे. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडे चलने लगे. इस हमले में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तुरंत बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया.

    दूल्हे ने शादी से किया इंकार

    घटना से आक्रोशित और डरे हुए दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया. लड़की पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए और वहीं शादी कराने का दबाव बनाने लगे. कभी मंदिर में शादी की बात होती तो कभी सड़क पर हंगामा शुरू हो जाता.

    दूल्हे को किसी तरह राजी करा कर रस्में पूरी कराई गई

    स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की. काफी समझाने-बुझाने के बाद दूल्हे को किसी तरह राजी किया गया और उसे वापस मंडप लाया गया. इसके बाद जल्दबाजी में जयमाला और सिंदूरदान की रस्में पूरी कराई गईं.

    फिलहाल घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है. शादी की रस्म पूरी होने के बाद बारात विदा होकर वापस बोकारो लौट गई.



    Related News