पटना (PATNA) : बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पद संभालने के बाद आज आस्था और श्रद्धा के साथ तख्त श्री हरमंदिर पटना साहिब पहुंचकर मत्था टेका. इस दौरान उन्होंने राज्य की सुख-शांति, विकास और समृद्धि की कामना की. मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला धार्मिक दौरा माना जा रहा है, जिसे राजनीतिक और सामाजिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

दरबार साहिब में मत्था टेका
गुरुद्वारा परिसर में पहुंचते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूरे विधि-विधान के साथ दरबार साहिब में माथा टेका और गुरु घर में अरदास की. उन्होंने गुरु गोविन्द सिंह महाराज से जुड़े पवित्र शस्त्रों का भी दर्शन किया जिसे सिख परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है. इस दौरान उन्होंने गुरु का प्रसाद भी ग्रहण किया और श्रद्धालुओं के साथ कुछ समय बिताया.

सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. गुरुद्वारा परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी तरह की असुविधा न हो. इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के विकास के लिए उनकी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी और सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि यह उनके लिए आस्था का विषय है और वे राज्य की खुशहाली के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे.
Thenewspost - Jharkhand
4+


