बक्सर (BUXAR): जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं. ताजा मामला सिमरी थाना क्षेत्र के एकौना गांव का है, जहां दिनदहाड़े एक 17 वर्षीय युवक को गोली मार दी गई. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे एकौना गांव निवासी मनीष यादव (पिता- हरेंद्र यादव) को गोली मार दी गई. परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि गांव के ही पास स्थित दुबौली गांव निवासी रौनक तिवारी (पिता- गणेश तिवारी) ने इस वारदात को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने अचानक पिस्तौल निकालकर मनीष पर फायरिंग कर दी.
गोली मनीष के पेट में लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए बक्सर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार, मनीष की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही सिमरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
इस घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से स्थानीय लोग दहशत में हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : धीरज कुमार

