मोकामा(MOKAMA): मोकामा फिर एक बार गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज रहा है.अपराधी खुलेआम गोली बारी कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे है. शुक्रवार सुबह हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ.जबकि देर शाम एक सरपंच पति पर अंधाधुन गोली चलाई गई.इस वारदात के पीछे सोनू मोनू गैंग का हाथ बताया जा रहा है.फ़िलहाल घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँच कर जाँच में जुटी है.
देर शाम हुई गोली बारी में सरपंच के पति मुकेश सिंह को सोनू-मोनू गैंग के सदस्यों ने निशाना बनाया.जिसमें मुकेश सिंह बाल-बाल बच गए. जानकारी के अनुसार, कुल तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें मुकेश सिंह को चोट नहीं आई.
बताया जा रहा है कि मामला फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ.मुकेश सिंह ने हाल ही में पुलिस प्रशासन की प्रशंसा करते हुए एक पोस्ट किया था.इस पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने मुकेश सिंह से पोस्ट डिलीट करने को कहा.दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. प्रमोद सिंह ने अपने बेटे सोनू-मोनू को फोन कर बुलाया.इसके कुछ देर बाद सोनू-मोनू और उसके गुर्गों ने मुकेश सिंह पर फायरिंग कर दी.
घटना की सूचना मिलते ही हाथीदह, मरांची, पंचमहला समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. सोनू-मोनू से जुड़े संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर अपराधियों की तलाश कर रही है.
एसडीपीओ रामकृष्ण ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि कुख्यात सोनू-मोनू और उसके साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.आगे की कार्रवाई की जा रही है.
मोकामा क्षेत्र में सोनू-मोनू गैंग की दबदबे की चर्चा लंबे समय से है.बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे.

