दहेज की भेंट चढ़ी एक और बेटी, शादी के बाद बाइक की थी मांग, नहीं देने पर कर दिया ऐसा कांड

    दहेज की भेंट चढ़ी एक और बेटी, शादी के बाद बाइक की थी मांग, नहीं देने पर कर दिया ऐसा कांड

    पटना सिटी (PATNA CITY): देश में दहेज प्रथा के खिलाफ सख्त कानून होने के बावजूद दहेज हत्या के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. ताजा मामला पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के बबुआगंज इलाके से सामने आया है, जहां 24 वर्षीय विवाहिता राधा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.

    घटना की जानकारी मिलते ही आलमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांच के दौरान मृतका के शरीर पर कई जगह चोट और जख्म के निशान पाए गए, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है. घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम की भी मदद ली है.

    मृतका के परिजनों का कहना है कि राधा देवी की शादी करीब तीन साल पहले बबुआगंज निवासी विकास कुमार के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग को लेकर राधा को लगातार प्रताड़ित करने लगा. आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था.

    घटना वाले दिन भी राधा के साथ बेरहमी से मारपीट की गई. जब उसकी हालत गंभीर हो गई तो उसे इलाज के लिए एनएमसीएच (NMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन इंसाफ की मांग को लेकर आक्रोशित हो उठे.

    मायके वालों ने आलमगंज थाना में ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है. परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज जैसी कुप्रथा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

     



    Related News