पटना (PATNA) : राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात आई तेज आंधी ने शहर की रफ्तार को थाम दिया. अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में अव्यवस्था की स्थिति बन गई. इसी दौरान शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार डाक बंगला चौराहा पर एक बड़ा हादसा हो गया.
चौराहे पर लगाया गया एलईडी गेट अचानक गिरा
तेज आंधी के झोंकों के कारण चौराहे पर लगाया गया एलईडी गेट अचानक गिर पड़ा जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई. घटना के समय वहां से गुजर रहे लोगों और वाहनों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. स्थानीय लोगों के अनुसार, आंधी इतनी तेज थी कि कई जगहों पर होर्डिंग, बैनर और अस्थायी ढांचे भी हिलने लगे थे. एलईडी गेट गिरने के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा जिसे बाद में पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया.
नगर निगम और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा
घटना के बाद प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतने व्यस्त चौराहे पर इस तरह के भारी ढांचे को सुरक्षित तरीके से क्यों नहीं लगाया गया था. फिलहाल नगर निगम और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही जा रही है. मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


