रोहतास : जिले से रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. डेहरी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन सब्जी मंडी के पास एक लावारिस ट्रॉली बैग में युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. रविवार की सुबह करीब नौ बजे स्थानीय लोगों की नजर जब एक संदिग्ध अवस्था में पड़े ट्रॉली बैग पर पड़ी तो अनहोनी की आशंका जताई जाने लगी. बैग से तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने बिना देर किए इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी.
आग की तरह पूरे इलाके में फैली खबर
सूटकेस में शव मिलने की खबर कुछ ही देर में आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई. घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भय और जिज्ञासा दोनों देखने को मिली. लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. किसी ने इसे हत्या कर शव ठिकाने लगाने का मामला बताया तो किसी ने किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई. रेलवे स्टेशन के नजदीक इस तरह की घटना से आमजन में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई.
शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
सूचना मिलते ही डेहरी नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रॉली बैग को अपने कब्जे में लेकर शव को बाहर निकाला. पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया. हालांकि इस दौरान पुलिस द्वारा वहां मौजूद लोगों और मीडिया कर्मियों को शव नहीं दिखाए जाने से उसकी कार्यशैली पर सवाल उठने लगे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि शव को पहचान के लिए सार्वजनिक किया जाता तो शायद उसकी शिनाख्त जल्द हो सकती थी. इसी बात को लेकर मौके पर कुछ देर तक नाराजगी भी देखी गई.
घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना था कि पुलिस ने अत्यधिक जल्दबाजी में शव को वहां से हटा दिया. उनका मानना है कि आसपास के इलाकों के लोग यदि शव को देख पाते तो संभव है कि कोई पहचान कर लेता. लोगों ने यह भी आशंका जताई कि युवती की हत्या कहीं और कर शव को ट्रॉली बैग में भरकर यहां फेंका गया है हालांकि पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया.
युवती की नहीं हो पाई है शिनाख्त
प्रभारी डेहरी एसडीपीओ गौतम कुमार यादव ने बताया कि ट्रॉली बैग से लगभग 30 वर्षीय एक अज्ञात युवती का शव बरामद किया गया है. युवती की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई है. साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं. शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा कराया जा रहा है ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके.
पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी
मामले को लेकर रोहतास पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस को कब और किसने वहां रखा. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की प्रकृति पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को युवती के बारे में कोई जानकारी हो या हाल के दिनों में किसी महिला के लापता होने की सूचना हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें. फिलहाल इस रहस्यमय घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और लोग जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं.
Thenewspost - Jharkhand
4+


