टीनपी डेस्क (TNP DESK): आपने कभी न कभी ऐसा महसूस जरूर किया होगा कि जब भी आप सोकर उठते है तो अचानक से आपके सिर में तेज़ दर्द होने लगता है या फिर सिर भारी होने लगता है. लेकिन कई लोग इसे इसलिए नजरअंदाज़ कर देते है कि ये सोचकर कि यह मामूली दर्द हो. लेकिन ऐसा नहीं है.हालांकि हर बार सुबह का सिरदर्द किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार हो रही है या दर्द बहुत तेज है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. विशेषज्ञों के अनुसार सुबह होने वाला सिरदर्द कई कारणों से हो सकता है, जिनमें खराब नींद, तनाव, हाई ब्लड प्रेशर, माइग्रेन, स्लीप एपनिया और कुछ गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी शामिल हैं.
सुबह उठते ही सिरदर्द क्यों होता है?
डॉक्टरों के मुताबिक सुबह होने वाले सिरदर्द के पीछे सबसे आम कारण पर्याप्त और अच्छी नींद का न मिलना है. देर रात तक जागना, बार-बार नींद टूटना या अनियमित स्लीप साइकल सिरदर्द का कारण बन सकती है. इसके अलावा शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन), खाली पेट सोना, ज्यादा कैफीन लेना या अचानक कैफीन छोड़ देना भी सुबह सिरदर्द की वजह बन सकता है.
माइग्रेन के मरीजों में भी सुबह सिरदर्द की समस्या अधिक देखी जाती है. वहीं तनाव, चिंता और मानसिक दबाव के कारण रातभर शरीर पूरी तरह आराम नहीं कर पाता, जिससे सुबह सिरदर्द महसूस हो सकता है.
किन बीमारियों का हो सकता है संकेत?
कुछ मामलों में सुबह का सिरदर्द गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी हो सकता है. यदि सिरदर्द के साथ चक्कर आना, उल्टी, धुंधला दिखना, बोलने में परेशानी या शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.
विशेषज्ञ बताते हैं कि हाई ब्लड प्रेशर, स्लीप एपनिया (नींद के दौरान सांस रुकना), साइनस इंफेक्शन और ब्रेन से जुड़ी कुछ समस्याओं में भी सुबह सिरदर्द हो सकता है. स्लीप एपनिया से पीड़ित लोगों में रातभर ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण सुबह सिरदर्द की शिकायत आम होती है.
किन लोगों को ज्यादा रहता है खतरा?
- माइग्रेन के मरीज
- हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित लोग
- तनाव और चिंता से जूझ रहे व्यक्ति
- मोटापे से ग्रस्त लोग
- खर्राटे लेने या स्लीप एपनिया के मरीज
- अनियमित नींद लेने वाले लोग
इन लोगों में सुबह सिरदर्द की संभावना अपेक्षाकृत अधिक रहती है.
कब तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए?
यदि सिरदर्द लगातार कई दिनों तक बना रहे, अचानक बहुत तेज दर्द शुरू हो, बुखार, बेहोशी, गर्दन में अकड़न, कमजोरी या बोलने में कठिनाई जैसे लक्षण साथ हों, तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें. ऐसे मामलों में तुरंत न्यूरोलॉजिस्ट या फिजिशियन से जांच करानी चाहिए.
सुबह के सिरदर्द से बचने के आसान उपाय
- रोजाना 7–8 घंटे की अच्छी नींद लें.
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं.
- रात में बहुत देर तक मोबाइल या लैपटॉप का इस्तेमाल कम करें.
- संतुलित आहार लें और खाली पेट सोने से बचें.
- नियमित व्यायाम और योग करें.
- तनाव कम करने के लिए मेडिटेशन अपनाएं.
- ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की नियमित जांच कराएं.
