The Banjaara Boy के लिए मालिक ने सोशल मीडिया पर दी आत्महत्या करने की धमकी, सदर थाना की महिला आईपीएस से परेशान होने का लगाया आरोप


रांची (RANCHI): इंस्टाग्राम अकाउंट thebanjaaraboy के संचालक शिव शंकर ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या करने की धमकी देकर सनसनी फैला दी है. शिव शंकर ने आरोप लगाया है कि सदर थाना क्षेत्र की एक महिला आईपीएस अधिकारी से वह मानसिक रूप से परेशान हैं, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाने की बात सार्वजनिक रूप से रखी है.
शिव शंकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो और पोस्ट के जरिए बताया कि एक दिन पहले कोकर इलाके में उनके साथ मारपीट की घटना हुई थी. उनके अनुसार, उनकी गाड़ी गलती से मीना देवी के घर के पास स्थित एक नाली में फंस गई थी. गाड़ी निकालने के दौरान कथित तौर पर वाहन गलत तरीके से चल जाने पर वहां मौजूद लोगों की भीड़ आक्रोशित हो गई और उनकी गाड़ी पर पत्थरबाजी की गई.
शिव शंकर का आरोप है कि कोकर से पार्षद प्रत्याशी रहीं मीना देवी के पुत्र राजू राम और सौरव पासवान ने अपने साथियों और मौके पर मौजूद भीड़ के साथ मिलकर उन पर हमला किया. इस घटना में उन्हें चेहरे पर चोट आई है. शिव शंकर ने हमले से जुड़े वीडियो एविडेंस भी सोशल मीडिया पर साझा किए हैं और पूरी घटना का सिलसिलेवार विवरण अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपडेट किया है.
इधर, मामले में नया मोड़ तब आया जब शिव शंकर के भाई को सदर थाना में रखे जाने की बात सामने आई. शिव शंकर का कहना है कि पुलिस कार्रवाई और दबाव के कारण वह और उनका परिवार मानसिक तनाव में है.
शिव शंकर ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित महिला आईपीएस अधिकारी ने उनसे वीडियो डिलीट करने को कहा और चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर थाने बुलाया जाएगा. उनका दावा है कि अधिकारी ने यह भी कहा कि पासवान समुदाय के लोग थाने पर चढ़कर हंगामा कर सकते हैं. इन बातों से वह काफी भयभीत हो गए हैं.
सोशल मीडिया पर सामने आए इन आरोपों और आत्महत्या की धमकी के बाद मामला गंभीर होता जा रहा है. फिलहाल पुलिस की ओर से इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं, सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
4+