स्कूली छात्रा को कार में खींचकर ले गए बदमाश, बेहोशी की हालत में छोड़कर भागे


मनेर(MANER): मनेर थाने से महज चंद कदम की दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 से दिनदहाड़े 10वीं क्लास की छात्रा का अपहरण कर लिया गया. कार में सवार नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में छात्रा को गाड़ी के अंदर खींच लिया. इसके बाद छात्रा को दानापुर की ओर लेकर भाग निकले. यह सब तब पता चला, जब छात्रा खुद ही थाना तक पहुंची. इसके बाद छात्रा ने पुलिस को पूरा वाकया विस्तार से बताया. मिली जानकारी के अनुसार पटना-आरा-मोहनिया राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर इस वारदात को अंजाम दिया गया. मनेर थाना के चंद कदमों की दूरी पर ही बीएसएनएल कार्यालय के समीप से बुधवार की सुबह स्कूल जा रही एक छात्रा का कार सवार अपराधियों ने अपहरण कर लिया. कुछ देर बाद छात्रा को अपराधियों ने बेहोश हालत में दानापुर से आनंद बाजार के समीप छोड़कर भाग गए. अपराधियों ने वाहन में खींचने के बाद उसके नाक पर रुमाल रख कर उसे बेहोश कर दिया. लगभग आधे घंटे के बाद जब होश आया तो उसने खुद को दानापुर आनंद बाजार के समीप रास्ते पर पायी. इसके बाद उसने पास के एक निजी विद्यालय में जाकर वहां पढ़ने वाली सहेली को पूरी बात बताई. इसके बाद उक्त विद्यालय के बस चालक ने छात्रा के पिता को इसकी जानकारी दी. छात्रा के पिता खुद भी एक स्कूल में शिक्षक हैं. इसके बाद वे अपनी बेटी को लेने पहुंचे. पूरा मामला जानने के बाद वे बेटी को लेकर थाना पहुंचे. पटना एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया जाए. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
4+