देवघर बस स्टैंड का बदल गया पता, अंतरराज्यीय बस स्टैंड से आज से बसों का परिचालन शुरू, एस्केलेटर, वेटिंग रूम समेत फूड कोर्ट की व्यवस्था

    देवघर बस स्टैंड का बदल गया पता, अंतरराज्यीय बस स्टैंड से आज से बसों का परिचालन शुरू, एस्केलेटर, वेटिंग रूम समेत फूड कोर्ट की व्यवस्था

    देवघर (DEOGHAR) : देवघर विश्व प्रसिद्ध देवनगरी है. यहां पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ विराजमान हैं. यही कारण है कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग रोजाना सड़क, रेल या हवाई मार्ग से देवघर आते हैं. सड़क मार्ग की बात करें तो बिहार, झारखंड और बंगाल के कुछ जिलों से ही बसें देवघर आती हैं. लेकिन आज से दूसरे राज्यों के कई जिलों से भी बसें आने लगी हैं. देवघर बस स्टैंड का नया पता आज से बाघमारा हो गया है. देवघर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर झारखंड के सबसे बड़े नवनिर्मित अंतरराज्यीय बस स्टैंड से आज से बसों का परिचालन शुरू हो गया है. इस टर्मिनल का पिछले साल मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन उद्घाटन किया था. आज से यहां से पूर्ण परिचालन शुरू हो गया है. हालांकि यह शहर से दूर है, लेकिन अब इससे शहर की ट्रैफिक की काफी समस्या दूर हो जाएगी.

    यात्रियों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा गया है ISBT में

    देवघर ISBT (बस स्टैंड) से आज से बसों का परिचालन शुरू हो गया है. करीब 20 एकड़ में फैले इस बस टर्मिनल के निर्माण में करीब 42 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. देवघर का यह बस टर्मिनल झारखंड का सबसे बड़ा टर्मिनल है, जहां एक साथ 150 बसें रुकेंगी. इसके साथ ही यहां कार, ऑटो, टोटो पार्किंग की विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं. वाहनों की सर्विसिंग के लिए यहां वर्कशॉप की सुविधा भी उपलब्ध है. आम लोगों की सुविधा के लिए बस टर्मिनल में लिफ्ट, एस्केलेटर, वेटिंग रूम, शौचालय, स्नानघर, 85 दुकानें और फूड कोर्ट की भी व्यवस्था है. यह टर्मिनल आज से शुरू हो गया है, लेकिन आने वाले दिनों में लंबी दूरी की बसों का परिचालन शुरू होने की उम्मीद है. बस टर्मिनल के चालू होने से न सिर्फ इस क्षेत्र का विकास होगा, बल्कि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के साधन भी उपलब्ध होंगे.

    रिपोर्ट-ऋतुराज


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news