सीतामढ़ी(SITAMARHI): सीतामढ़ी में बिहार पुलिस का एक नया कारनामा सामने आया है. इस बार ये हैरतअंगेज कारनामा करने वाले सीतामढ़ी जिले के पुलिसवाले हैं. सीतामढ़ी पुलिस ने इसबार जिस्मफरोशी के मामले में एक पुरूष को महिला बना दिया और उसे जेल भेज दिया. दरअसल, पूरा मामला डुमरा थाना क्षेत्र का है. जहां 24 अगस्त को पुलिस ने जिस्मफरोशी के धंधे का पर्दाफाश किया था. जिसमे कुल 10 युवती पकड़ी गई थी और कुल 23 लोग गिरफ्तार किए गए थे. इस दौरान पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के रहने वाले प्रतिमा सोरेन को महिला परिधान में महिला समझकर गिरफ्तार किया था. हालांकि वो महिला के परिधान में पुरुष था. पुलिस ने प्रतिमा को महिला समझकर थाने में भी महिलाओ के साथ रखा और उसे महिला बनाकर जेल भी भेज दिया गया.
महिला वार्ड में गुजारी रात
इतना ही नहीं उस पुरुष को सीतामढ़ी जेल के महिला वार्ड में महिला कैदियों के बीच शिफ्ट भी कर दिया गया और इस दौरान महिला के परिधान में पुरुष बंदी ने महिला कैदियों के साथ एक रात भी गुजारी. लेकिन, महिला कैदियों को उस पुरुष के हरकत के बाद जेल के वार्ड के अंदर संदेह हुआ. इसके बाद महिला कैदियों द्वारा जेल प्रशासन से इस बात की शिकायत की गई. इसके बाद जेल प्रशासन एक्शन में आया. महिला परिधान में पुरुष को महिला कैदी वार्ड से निकालकर उसे जेल के चिकित्सक अक्षय कुमार के द्वारा जांच किया गया. जिसमे कैदी प्रतिमा पुरुष निकला और उसे पुरुष वार्ड में भेजा गया. सूत्र तो यहां तक बताते हैं कि इस दौरान जेल के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और पूरे जेल के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया.
तीन दिन पहले हुआ था सेक्स रैकेट का पर्दाफाश
दरअसल, तीन दिन पूर्व सीतामढ़ी पुलिस ने डुमरा थाना क्षेत्र के मुरादपुर में एक बर्थडे पार्टी के दौरान दो युवक और दो युवतियों को गिरफ्तार किया था. जिसके निशानदेही पर बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ और पुलिस ने कुल 10 लड़की जिसमें एक महिला परिधान में पुरुष को पकड़ने के साथ अन्य 10 पुरुषों को भी गिरफ्तार किया था. साथ ही देह धंधा का संचालन कराने वाली दलाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था. इस पूरे मामले में जेल सुपरिटेंडेंट मनोज कुमार सिन्हा ने सीतामढ़ी न्यायालय को अवगत कराते हुए एक पत्र लिखा, जिसमें इस संबंध से जुड़ी पूरी जानकारी दी गई. जिसके बाद इस पूरे प्रकरण का खुलासा हुआ. हालांकि जेल सुपरिटेंडेंट मनोज कुमार सिन्हा ने महिला बनाकर भेजे गए पुरुष कैदी को जेल के महिला वार्ड में शिफ्ट किए जाने की बात से इनकार किया है.
Thenewspost - Jharkhand
4+

