अपने ही अपनों का बहा रहें खून, 22 दिनों में 9 ऑनर किलिंग के मामले आए सामने

    अपने ही अपनों का बहा रहें खून, 22 दिनों में 9 ऑनर किलिंग के मामले आए सामने

    मोतिहारी(MOTHIHARI): इस कलयुगी दुनिया में अब अपने ही अपनों की जान की दुश्मन बन बैठे हैं. आए दिन रिश्तों का कत्ल किया जा रहा है. कभी संपत्ति तो कभी एक छोटे से शक पर अपने करीबी ही अपनों की जान ले रहे हैं. कुछ ऐसा ही हाल बिहार के मोतीहारी का है. जहां पिछले 22 दिनों में रिश्तों का कत्ल कर दिया गया. अपनों का खून ही अपनों ने बहा दिया. अपनों पर किए जाने वाले भरोसे को यहां पल भर में तोड़ा जा रहा है. मोतीहारी में पिछले 22 दिनों में कई आपराधिक घटनाएं घट चुकी हैं. चौंकाने की बात ये है कि सभी घटनाएं ऑनर किलिंग के हैं.

    इज्जत बचाने के लिए पिता ने ले ली बेटी की जान

    मोतीहारी में दो ऐसे मामले सामने आए जिसमें एक पिता ने लोकलाज के डर से अपनी ही बेटी की जान ले ली. पहला मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र के सिसवा खरार पंचायत से 21 जनवरी को ही सामने आया है. यहां पुलिस को झाड़ियों में एक युवती का शव मिला. जिसकी हत्या उसके पिता ने की थी. हत्या की वजह बेटी का प्रेम प्रसंग मामला था. अपनी बेटी के प्रेम प्रसंग मामले से तंग आकर पिता ने अपनी 15 वर्षीय बेटी की जिंदगी ही खत्म कर दी. इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी पिता ने अपनी बेटी के शव को झाड़ियों में फेंक दिया था. मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.

    वहीं, दूसरी तरफ मोतिहारी के कोटवा के कररिया गांव में भी कुछ ऐसी ही घटना घटित हुई है. इस गांव में भी एक पिता ने अपनी बेटी की जान ले कर उसके शव को नहर में फेंक दिया. 11 जनवरी को पुलिस ने मृतक का शव बरामद किया. अपनी ही बेटी की हत्या करने के पीछे की वजह आरोपी पिता ने बताया कि, उसकी बेटी का शादी के बाद भी किसी और लड़के के साथ अवैध संबंध था. इसलिए समाज में इज्जत बचाने के लिए उसने अपनी बेटी को मौत के घाट उतार दिया

    अवैध संबंध के शक में सूली पर चढ़ गए रिश्ते

    मोतीहारी में अवैध संबंध होने के शक में अपनों का खून बहा दिया गया. यहां हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मानिकपुर पंचायत के विशुनपुरा गांव में एक बेटे ने ही सिलवट के लोढ़ा से अपने पिता के सिर पर मारकर उनकी जान ले ली. मृतक होमगार्ड जवान था. आरोपी बेटे गुड्डू अंसारी ने अपने पिता की हत्या बस इस वजह से कर दी कि उसे अपने पिता पर उनका किसी के साथ अवैध संबंध होने का शक था. इस शक में ही आरोपी बेटा अपने पिता की जान का दुश्मन हो गया. दूसरी तरफ मोतिहारी के चकिया में भी इसी तरह का मामला सामने आया. यहां रेलवे स्टेशन के समीप एक झोपड़ी में एक बहनोई ने अपने चचेरे साले की हत्या बस इस वजह से कर दी कि उसे शक था कि उसकी पत्नी और उसके साले में अवैध संबंध है.

    एक मौसा ने ही ले ली भांजे की जान

    11 जनवरी को ही मोतीहारी में एक और घटना सामने आई. यहां के पिपरा पीपरा थाना क्षेत्र में एक मौसा ने अपने भांजे की हत्या कर दी. आरोपी ने अपने मृतक भांजे अजित कुमार की प्रेमिका के पिता के साथ मिलकर पहले उसका अपहरण किया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया. घटना के 45 दिन बाद 11 जनवरी को पीपरा थाना क्षेत्र से मृतक का शव बरामद कर पुलिस ने मृतक की प्रेमिका के पिता को गिरफ्तार कर लिया.

    बेटी ने ही उतार दिया मां को मौत के घाट

    वहीं, मोतिहारी के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में एक बेटी ने अपनी ही मां की हत्या कर दी. हत्या कि वजह इतनी थी कि आरोपी बेटी की मां उसके अवैध संबंधों में बाधा बन रही थी. इसलिए बेटी ने अपनी मां को हत्या कुल्हाड़ी से मारकर कर दी. इतना ही नहीं, हत्या करने के बाद आरोपी बेटी ने अपनी मां के शव को घर में छोड़ कर ताला लगा कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी. 4 जनवरी को पुलिस ने शव बरामद करते हुए आरोपी बेटी को गिरफ्तार किया था.

    दोस्त ही बन बैठा दुश्मन

    मोतिहारी के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में ही एक और घटना घटित हो चुकी है. इस मामले में एक दोस्त ही अपने दोस्त का दुश्मन बन उसकी जान ले ली. हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गोबिंदापुर पासवान टोली गांव में पुलिस को एक युवक का शव मिला. शव की पहचान लवकुश बताई गई. लवकुश की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त व एक अन्य को गिरफ्तार किया. इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि, मृतक ने अपने गांव के ही पन्नालाल प्रसाद को गांव की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध बनाते देख लिया था. ऐसे में राज खुलने के डर से पन्नालाल ने लवकुश के दोस्त के साथ मिलकर ही उसकी जान ले ली और मिट्टी खोद कर शव को गाड़ दिया.

    संपत्ति को लेकर भाई ने ही भाई की कर दी हत्या

    वहीं, मोतिहारी में संपत्ति को लेकर रिश्तों का कत्ल कर दिया गया. संपत्ति को लेकर दो जाने चली गई. पहला के अरेराज थाना क्षेत्र का है. यहां नए साल पर एक भाई ने ही अपनी भाई की जान ले ली. संपत्ति के विवाद के कारण कुबेर पांडे के अपने बड़े भाई ने सुपारी देकर उसकी हत्या करवा दी. जिसके बाद मामले की जांच के बाद पुलिस ने मृतक के बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, दूसरा मामला दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव का है. यहां भी पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर रिश्तों का खून बहा दिया गया. पंकज सिंह ने प्रॉपर्टी को लेकर अपने छोटे भाई सुशील सिंह पर चार गोलियां दाग दीं. मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news