लगातार जंगली जानवरों का निवाला बन रहे लोग, बाघ ने एक किसान को फिर मार डाला


पश्चिम चंपारण(WEST CHAMPARAN): पश्चिम चंपारण के बगहा में स्थित बिहार के इकलौते वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में आए दिन जंगली जानवरों का लोग निवाला बनते जा रहे हैं. इसी कड़ी में आज फिर दूसरी बार बाघ ने किसानों को अपना निशाना बनाया है. इस बार फिर बाघ ने खेत में काम कर रहे एक किसान को मार दिया और लाश लेकर गन्ने के खेत में छुप गया. इसके बाद वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. इसकी सूचना मिलने पर फ़ौरन वन विभाग की टीम मौक़े पर पहुंची.
खेत में काम करने के दौरान बाघ ने किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरनाटाड़ के बरवा कला निवासी 65 वर्षीय रामप्रसाद उरांव अपने खेत में काम कर रहे थे. उनके साथ और भी किसान थे. इस बीच बाघ ने हमला कर दिया. वे भाग नहीं सके और बाघ ने उन्हें मार डाला. मृत मज़दूर का शव को लेकर बाघ गन्ने के खेत में चला गया. सूचना मिलने के बाद वन-विभाग की टीम वहां पहुंची. घटना के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं.
बाघ ने एक महिला को भी बनाया था शिकार
बीते 12 सितंबर को भी बैरिया कला गांव के पास बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई थी. इसके बाद आक्रोशित किसानों ने शव लेकर प्रदर्शन भी किया था. इससे वन विभाग के अधिकारियों को लोगों का भारी आक्रोश झेलना पड़ा था.
4+