इंसानियत शर्मसार! चाईबासा में डायन बिसाही के शक में भीड़ ने मां बेटे को जिंदा जलाया

    इंसानियत शर्मसार! चाईबासा में डायन बिसाही के शक में भीड़ ने मां बेटे को जिंदा जलाया

    चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. डायन बिसाही के शक में गांव के कुछ लोगों ने एक महिला और उसके बेटे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. आग की लपटों में घिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इस निर्मम घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

    हमले के दौरान महिला का पति भी बुरी तरह झुलस गया. उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है.

    पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद 12 से अधिक आरोपी स्वयं थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर चुके हैं. हालांकि, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है. उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

    पुलिस अधीक्षक अमित कुमार रेनू ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है. टीम साक्ष्य जुटाने और दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने में जुटी है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अंधविश्वास के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news