हजारीबाग के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार ने दायर की अग्रिम जमानत याचिका, पत्नी को जलाकर मारने का लगा है आरोप

    हजारीबाग के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार ने दायर की अग्रिम जमानत याचिका, पत्नी को जलाकर मारने का लगा है आरोप

    रांची (RANCHI) : पत्नी को जलाकर मारने के आरोपी हजारीबाग के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार ने हजारीबाग स्थित सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है. मालूम हो कि उनपर अपनी पत्नी अनीता को जलाकर मारने का आरोप है. इस घटना के बाद से राज्य सरकार ने अशोक कुमार को हजारीबाग के सदर एसडीओ के पद से हटाते हुए रांची सचिवालय में कर दिया है. इधर, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजीत कुमार की न्यायालय में गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने अग्रिम जमानत को लेकर आवेदन दिया है. यह मामला हजारीबाग जिले के लोहसिंघना थाना से जुड़ा है. अशोक कुमार की पत्नी अनीता के मायकेवालों ने कहा है कि अशोक ने ही अपनी पत्नी को जलाकर मार डाला. इसके पीछे अवैध संबंध का भी आरोप लगाया गया है.

    आपको बताते चलें कि पिछले साल 26 दिसंबर को हजारीबाग के एसडीओ रहे अशोक कुमार की पत्नी आग से जल गईं थी. उन्हें हजारीबाग के एक निजी अस्पताल में इजाज कराने के बाद बोकारो में भर्ती कराया गया था. वहां उनकी हालत गंभीर हो गई तो रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां 28 दिसंबर की सुबह अनीता की मौत हो गई. इसके बाद से यह मामला तूल पकड़े हुए है.

    मृतका के भाई ने SDO पर लगाया हत्या का आरोप

    इस मामले में मृतका के भाई ने हजारीबाग के लोहसिंघना थाने में अपने जीजा यानी एसडीओ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है. मृतका के भाई राजकुमार ने बताया कि अशोक कुमार के भाई ने फोन कर बताया कि उसकी बहन जल गई है. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है. इसके बाद किसी तरह की कोई बातचीत नहीं हुई और फोन कट गया.

    मृतका के भाई ने बताया कि उसके जीजा का किसी दूसरी महिला के साथ काफी समय से अवैध संबंध चल रहा था, जिसे लेकर गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी. उस दौरान किसी तरह मामला शांत हो गया था. इस घटना के बारे में राजकुमार ने बताया कि अशोक कुमार, उसके पिता, भाई और परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर उसकी बहन को आग लगाकर मार डाला. उसकी बहन के ससुराल वाले हमेशा उसे प्रताड़ित करते थे. लेकिन, अंत में उसकी बहन को जलाकर मार डाला गया.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news