फिल्म अभिनेता राजपाल यादव को बिहार से मिलेगी आर्थिक मदद,जानिए कौन दे रहा 11 लाख!


TNP DESK- फिल्मों में दर्शकों को अपने तरह-तरह के किरदारों से हंसाने वाले राजपाल यादव फिलहाल आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं. बिहार से उनको मदद का हाथ बढ़ाया गया है. फिलहाल वह दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं. लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने राजपाल यादव को मदद की घोषणा की है. उन्होंने अपनी पार्टी की ओर से 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. तेज प्रताप यादव ने कहा है कि कठिन समय में वह और उनकी पार्टी राजपाल यादव और उनके पूरे परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं. तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह जानकारी दी है.
उन्होंने कहा है कि उन्हें राजपाल यादव के परिवार की परेशानी के संबंध में जानकारी मिली है. सहयोग की भावना से वह पार्टी की ओर से उनके परिवार को 11 लाख रुपए की आहट आर्थिक सहायता दे रहे है. जानकारी के अनुसार 2010 में राजपाल यादव ने एक फिल्म बनाने के लिए कर्ज लिया था. वह फिल्म नहीं चल पाई. राजपाल यादव लिए कर्ज को नहीं चुका पाए. कर्ज लौटाने को दिया गया चेक बाउंस हो गया, तो उनके खिलाफ कोर्ट में मामला चला. 2018 में राजपाल यादव और उनकी पत्नी को 6 महीने की सजा हुई.
उन्होंने ऊपरी अदालत में इस फैसले को चुनौती दी और राहत की मांग की. राजपाल यादव ने अदालत से पैसा चुकाने के लिए समय मांगा था. उन्होंने कुछ रकम वापस भी की. लेकिन पूरी रकम नहीं लौटा पाए. भुगतान में कोर्ट की समय सीमा पूरा नहीं कर पाने की वजह से राजपाल यादव को आत्मसमर्पण का निर्देश कोर्ट ने दिया। इसके बाद राजपाल यादव पिछले सप्ताह दिल्ली हाईकोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
4+