गढ़वा में बढ़ा अपराधियों का तांडव, पशु तस्करी रोकने पर कुख्यात अपराधी ने ग्रामीणों पर तान दी पिस्टल


गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं. ताजा मामला धुरकी थाना क्षेत्र का है, जहां पशु तस्करी रोकने पर कुख्यात अपराधी ने ग्रामीणों पर पिस्टल तान दी. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, झारखंड–यूपी बॉर्डर से सटे धुरकी थाना क्षेत्र के रास्ते बीती देर रात एक पिकअप वाहन से पशुओं की तस्करी की जा रही थी. इसी दौरान गांव के सतर्क ग्रामीणों ने वाहन को रोक लिया और मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्करों ने कुख्यात अपराधी खुस्तर अंसारी को फोन कर मौके पर बुला लिया.
खुस्तर अंसारी के पहुंचते ही स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. पशु तस्करी से नाराज ग्रामीणों और अपराधियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. इसी बीच खुस्तर अंसारी ने अचानक पिस्टल निकालकर ग्रामीणों की ओर तान दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जान का खतरा देख ग्रामीण पीछे हट गए और अपराधी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस हरकत में आई. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की. एसपी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और अपराधी की पहचान स्पष्ट है. उन्होंने कहा कि जल्द ही कुख्यात अपराधी खुस्तर अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
इस घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पशु तस्करी और अपराधियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन डर के कारण लोग खुलकर विरोध नहीं कर पा रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और फरार अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है.
रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार
4+