Bihar: प्रधानमंत्री ने बिहार को दी नमो भारत रैपिड रेल की सौगात, पढ़िए क्या है इसकी खासियत

    Bihar: प्रधानमंत्री ने बिहार को दी नमो भारत रैपिड रेल की सौगात, पढ़िए क्या है इसकी खासियत

    TNP DESK-  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के मधुबनी  के लोहना से रेलवे की तीन नवनिर्मित रेल लाइनें राष्ट्र को समर्पित किया.   बिहार को चार नई ट्रेनों की सौगात दी.  जिन ट्रेनों को  प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, उनमें जयनगर पटना नमो भारत रैपिड रेल और सहरसा लोकमान्य तिलक अमृत भारत एक्सप्रेस तथा दो  पैसेंजर ट्रेनें शामिल है. नमो भारत रैपिड रेल के बारे में विस्तार से बताते हुए रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने जानकारी दी है  कि दो शहरों के बीच तेज रफ्तार, आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेल ट्रांसपोर्ट का सपना अब हकीकत बन गया है.  

    भारतीय रेल के विकास का नया सारथी होने का दावा 

    नमो भारत रैपिड रेल अमृतकाल में भारतीय रेल के विकास का नया सारथी है.  यह ट्रेन इंटरसिटी ट्रैवल के लिए देश के अंदरूनी इलाकों में स्थानीय लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सफर की गारंटी देती है.  उन्होंने बताया कि नमो भारत रैपिड रेल मॉडर्न सुविधाओं से लैस है.  यह इंटरसिटी ट्रेन जयनगर को पटना से जोड़ेगी.  16 कोच में 2 हजार से ज्यादा यात्री क्षमता के साथ इस ट्रेन का संचालन बिहार के विकास को नई रफ्तार देने वाली है.  यह ट्रेन जयनगर से पटना के बीच मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, मोकामा और पटना जिला को कनेक्ट करेगी.  अहमदाबाद-भुज के बाद यह देश की दूसरी 'नमो भारत' रैपिड रेल सेवा है.  इससे दो शहरों के बीच न केवल दूरी कम होगी बल्कि बिहार के सपनों को भी नई उड़ान मिलेगी. नमो भारत रैपिड रेल तेज़ एक्सेलरेशन और आधुनिक ब्रेकिंग सिस्टम से लैस है.  इसके दोनों सिरों पर ड्राइविंग कैब्स होने के कारण इसे टर्नअराउंड की ज़रूरत नहीं होगी, जिससे समय की बचत होगी. 
     
    नमो भारत पूरी तरह से एयर कंडीशन्ड है और इसमें एर्गोनॉमिकली डिज़ाइन सीटें लगी है
     
    नमो भारत पूरी तरह से एयर कंडीशन्ड है और इसमें एर्गोनॉमिकली डिज़ाइन सीटें लगी है.   ट्रेन में वैक्यूम आधारित मॉड्यूलर टॉयलेट, दिव्यांग अनुकूल शौचालय और डस्ट-प्रूफ सील्ड गैंगवे भी हैं, जिससे ट्रेन का सफर अधिक स्वच्छ, सुलभ और शांतिपूर्ण रहेगा. इस ट्रेन की एक खासियत इसका 'कवच' सुरक्षा सिस्टम से लैस होना है.   इसके हर कोच में सीसीटीवी कैमरे, फायर डिक्टेशन सप्रेशन सिस्टम और आपातकालीन टॉक-बैक सिस्टम सुरक्षित सफर का आश्वासन देते है.  ट्रेन के कोच ऑटोमैटिक दरवाजों के साथ सेमी-परमानेंट कपलर्स से युक्त हैं, जो यात्रियों को झटके का अनुभव नहीं होने देते. ट्रेन में रूट-मैप इंडिकेटर भी हैं, जो हर स्टेशन की जानकारी देंगे.  यह सुविधा ओपन लाइन रेलवे में पहली बार दी जा रही है.  आपातकालीन लाइटिंग, एलईडी लाइटिंग और अल्ट्रा मॉडर्न डिजाइन से यात्रियों को एक शांत और रोशनी से भरा माहौल मिलता है.

    अमृत भारत 2.0 ट्रेन भारतीय रेल की आधुनिक पहल है

    सहरसा और लोकमान्य तिलक के बीच चलाई गई अमृत भारत एक्सप्रेस के बारे में बताते हुए रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक ने कहा कि अमृत भारत 2.0 ट्रेन भारतीय रेल की आधुनिक पहल है.   यह ट्रेन आम यात्रियों को कम किराए में बेहतर सुविधा, आराम और स्वदेशी तकनीक का अनुभव देती है.  इस ट्रेन को विशेष रूप से मिडिल क्लास और अंत्योदय के लिए डिज़ाइन किया गया है.  इसके कोच पूरी तरह से भारत में बने हैं और आत्मनिर्भर भारत की भावना को और मजबूती देते है.अमृत भारत ट्रेन सुविधाजनक है, इसका लुक और डिज़ाइन भी अत्यंत आकर्षक है.  ये किसी प्रीमियम ट्रेन जैसा अनुभव देती है.  रेलवे की यह कोशिश है कि आम आदमी भी शान और आराम के साथ यात्रा कर सके और इसी सोच के साथ यह ट्रेन शुरू की गई है. पर्यावरण के प्रति सजगता, ऊर्जा की बचत और यात्रियों की सुविधा- ये तीनों पहलू इस ट्रेन की पहचान है. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो  


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news