मॉब लिंचिंग : चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीट कर हत्या, सभी आरोपी फरार

    मॉब लिंचिंग : चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीट कर हत्या, सभी आरोपी फरार

    गोपालगंज(GOPALGANJ): गोपालगंज में चोरी का आरोप लगाकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. घटना नगर थाना क्षेत्र के इंदरवां एबादुल्लाह गांव की है. मृतक युवक का नाम जहांगीर आलम है जो इसी गांव के सफीउल्लाह अंसारी का पुत्र है. घटना की सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं इस घटना के बाद गांव में दोनों पक्ष के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है. मृतक युवक के पिता का आरोप है कि गांव के ही रिजवान, इमरान, इरफान समेत 12 से 15 लोगों ने मिलकर उनके बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी.

    यह है मामला

    परिजनों का आरोप है कि जहांगीर आलम आज सुबह घर से निकलकर मॉर्निंग वाक पर गया था. गांव के ही रिजवान, इमरान और इरफान ने पहले खैनी मांगा, उसके बाद चोर-चोर कहते हुए पकड़ लिया और घर में बंधक बनाकर पोल से बांधकर उसकी पिटाई शुरू कर दी. घटना की सूचना मिलने पर सफीउल्लाह और उनकी पत्नी बेटे को बचाने के लिए पहुंची, लेकिन उन्हें भी मारपीट कर जख्मी कर दिया गया. बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. पुलिस मौके पर पहुंची तबतक युवक की मौत हो चुकी थी.

    आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी

    पुलिस ने इस मामले में इंदरवां एबादुल्लाह गांव के रहनेवाले रिजवान, इमरान और इरफान को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि अन्य आरोपी फरार बताये जा रहे हैं. नगर इंस्पेक्टर ललन कुमार ने बताया कि चोरी का आरोप लगाकर युवक की पिटाई की गयी है. कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है. ऐसे में पुलिस हत्या का एफआइआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. फिलहाल इस मामले में पुलिस गांव में छापेमारी कर रही है. घटना के बाद से आरोपी गांव छोड़कर फरार हैं.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news