तेजिंदर बग्गा की गिरफ़्तारी मामला : दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस पर किया अपहरण का केस  

    तेजिंदर बग्गा की गिरफ़्तारी मामला : दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस पर किया अपहरण का केस  

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK) : तेजिंदर बग्गा की गिरफ़्तारी के बाद से ही राजनीतिक हंगामा बढ़ता जा रहा है. बताया जा रहा है कि तेजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस दिल्ली से गिरफ्तार कर मोहाली ले जा रही थी, तभी कुरुक्षेत्र में हरियाणा पुलिस ने सभी को रोक लिया है. इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने गिरफ़्तारी में शामिल पंजाब पुलिस के जवानों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए fir भी दर्ज किया है. तेजिंदर को आज दोपहर मोहाली जिला अदालत में पेश किया जाना है. मगर इस हंगामे के कारण उनकी पेशी हो पाएगी या नहीं, इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

    क्या है मामला?

    दरअसल, बीजेपी प्रवक्ता तेजिंदर बग्गा पर मोहाली पुलिस ने साइबर सेल में मामला दर्ज किया था. उन पर लोगों को भड़काने, नफरत फैलाने, सोशल मीडिया पर झूठे और सांप्रदायिक बयान देने की शिकायत पर मामला दर्ज किया था. बग्‍गा ने दिल्‍ली सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कुछ ट्वीट्स भी किया था, इन ट्वीट्स को भी शिकायत में शामिल किया गया था. इसी पूरे मामले पर तेजिंदर बग्गा की गिरफ़्तारी हुई है.

    दिल्ली पुलिस के कहने पर हरियाणा पुलिस ने रोकी गाड़ी

    गिरफ्तार कर पंजाब पुलिस बग्गा को मोहाली ले जा रही थी कि बीच में ही हरियाणा पुलिस ने उन्हें कुरुक्षेत्र में रोक लिया. हरियाणा पुलिस ने अपने बयान में कहा कि दिल्ली पुलिस के कहने पर उन्होंने गाड़ी रोकी है. यह हंगामा इतने में ही नहीं थमा. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने जनकपुरी थाने में पंजाब पुलिस पर अपहरण का मामला दर्ज किया है. ये FIR उन पुलिसवालों के खिलाफ है जो बग्गा को गिरफ्तार कर ले गए. फिलहाल, कुरुक्षेत्र जिले की क्राइम ब्रांच ने तेजिंदर सिंह बग्गा को ले जा रही पुलिस टीम को कुरुक्षेत्र क्राइम थाने में रोका है. वहां सभी से पूछताछ की जा रही है. तेजिंदर बग्गा की गिरफ़्तारी से भाजपा कार्यकर्ता नाराज हैं और उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया है. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जनकपुरी थाने के बाहर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता भी जनकपुरी थाने पहुंचे.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news