महिला क्रिकेट गेंदबाज झूलन गोस्वामी के बारे में जानिए खास बात, संन्यास के मौके पर किसने बधाई दी

    महिला क्रिकेट गेंदबाज झूलन गोस्वामी के बारे में जानिए खास बात, संन्यास के मौके पर किसने बधाई दी

    टीएनपी डेस्क(TNP DESK): महिला क्रिकेट में एक जाना पहचाना नाम झूलन गोस्वामी का रहा है. इंडियन महिला क्रिकेट टीम की स्टार  गेंदबाज झूलन गोस्वामी को संन्यास लेने पर हर तरफ से बधाई मिल रही है. उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बधाई दी है.बोर्ड के अधिकारियों ने उनके शानदार कैरियर की तारीफ की है.

    महिला क्रिकेटर झूलन गोस्वामी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच इंग्लैंड के खिलाफ खेला है. लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने जीत दर्ज करके उन्हें यादगार विदाई दी. यह जीत उन्हें समर्पित की गई है. भारतीय टीम ने तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज में इंग्लैंड का 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया. झूलन गोस्वामी के अंतरराष्ट्रीय करियर का अंतिम मैच खत्म होते ही लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं. BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बधाई देते हुए कहा कि झूलन के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के साथ एक युग का अंत हो गया है.उन्होंने गर्व के साथ देश का प्रतिनिधित्व किया.उन्होंने भारतीय क्रिकेट की विशिष्ट सेवा की.खेल में उनका योगदान यादगार रहा.मैदान पर जहां उनकी प्रेरणादायी उपस्थिति की कमी खलेगी, उनकी उपलब्धियां आने वाले खिलाड़ियों को प्रेरणा देने का काम करती रहेंगी.

    बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि झूलन गोस्वामी इस खेल को खेलने वाली महान खिलाड़ियों में शुमार हैं. उन्होंने अपने असाधारण गेंदबाजी कौशल के साथ, कई वर्षों तक भारत के गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व किया और यह आने वाले युवा क्रिकेटरों के लिए एक बेंचमार्क बना रहेगा,जो उच्चतम स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं. अपने करियर में झूलन गोस्वामी ने महिला क्रिकेट टीम को कई यादगार पल दिए हैं. उन्होंने अपने करियर में 12 टेस्ट मैच, 204 एकदिवसीय और 68 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया. इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 44, एकदिवसीय में 255 तथा टी-20 में 56 विकेट अपने नाम किए.उनके शानदार करियर पर खेल जगत, युवा एवं खेल मंत्रालय, राजनीतिक दलों के शख्सियतों ने बधाई दी है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news