CM हेमंत का कोडरमा को 286 करोड़ 12 लाख 94 हज़ार की सौगात, जानिए किसे होगा फायदा

    CM हेमंत का कोडरमा को 286 करोड़ 12 लाख 94 हज़ार की सौगात, जानिए किसे होगा फायदा

    कोडरमा(KODERMA): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोडरमा में "आपकी योजना-आपकी सरकार- आपके द्वार " कार्यक्रम में 286 करोड़ 12 लाख 94 हज़ार रुपए की लागत से 513 योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले बंद कमरों में योजनाएं बनती थी और वहीं समाप्त भी हो जाती थी. लोगों को इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था. लेकिन, हमारी सरकार में अधिकारी तमाम योजनाओं को लेकर आम लोगों के दरवाजे पर जा रहे हैं. इसलिए हमारा आग्रह है कि आप इन योजनाओं को अपने घर ले जाएं और अपनी आय बढ़ाकर सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी बने. वहीं, मुख्यमंत्री ने कोडरमा जिला प्रशासन की ओर से सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के एप्प को भी लांच किया.

    पिछले वर्ष काफी सफल रहा था सरकार आपके द्वार कार्यक्रम 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य वासियों के सहयोग से पिछले वर्ष "सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम काफी सफल रहा था. इस दौरान छह हजार से ज्यादा शिविर लगाए गए थे. इन शिविरों में 35 लाख से ज्यादा आवेदन मिले थे, इनमें से ज्यादातर आवेदनों का निपटारा शिविर में ही कर दिया गया था और जो भी लंबित आवेदन थे, उसका भी जिला स्तर पर समाधान किया जा चुका है.

    अब तक मिल चुके हैं साढ़े आठ लाख से ज्यादा आवेदन 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 अक्टूबर से चल रहे इस कार्यक्रम के तहत अब तक लगाए गए शिविरों में साढ़े आठ लाख से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं. इन आवेदनों का निपटारा तीव्र गति से किया जा रहा है. मुझे पूरी उम्मीद है कि इस बार इस कार्यक्रम के माध्यम से गरीबों और जरूरतमंदों को योजनाओं से आच्छादित करने का एक नया रिकॉर्ड बनेगा.

    अगल-बगल के पंचायतों में भी दे सकते हैं आवेदन 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को अपने पंचायत में योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन देने में किसी भी तरह की कठिनाई है तो वे दूसरे पंचायतों में भी आवेदन कर सकते हैं. सभी योग्य लाभुकों को योजना का लाभ अवश्य दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार लोगों की आकांक्षाओं और जरूरतों को समझने के लिए आपके दरवाजे पर आ रही है. 

    झारखंड में प्रति व्यक्ति आय में हुई है वृद्धि 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा एक रिपोर्ट जारी की गई है. इसमें बताया गया है कि झारखंड देश के वैसे गिने-चुने राज्यों में शामिल है, जहां दो  वर्षों तक कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के बाद भी प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है. यह सब आपके सहयोग और सरकार के बेहतर प्रबंधन की वजह से संभव हुआ है.

    शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी पर विशेष जोर 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करना सरकार की विशेष प्राथमिकताओं में है. उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों की तर्ज पर मॉडल स्कूल खोले जा रहे हैं. यहां बच्चों को निशुल्क गुणवत्तायुक्त शिक्षा दी जाएगी. वहीं, छात्रवृत्ति की राशि में तीन गुना इजाफा किया गया है. इतना ही नहीं, विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए शत प्रतिशत स्कॉलरशिप भी सरकार दे रही है.

    निजी क्षेत्र में स्थानीयों को नौकरी देने के लिए लगेगा शिविर 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निजी क्षेत्र की कंपनियों में 75 प्रतिशत नौकरी स्थानीय को देने के लिए नियमावली तैयार कर ली गई है. अब निजी क्षेत्र में स्थानीय को नौकरी देने के लिए शिविर लगाया जाएगा. इस दिशा में कंपनियों और उसमें कर्मियों की जरूरतों का आकलन किया जाएगा.

    ये रहे मौजूद
    इस मौके पर मंत्री आलमगीर आलम और सत्यानंद भोक्ता, विधायक उमा शंकर अकेला और अमित यादव, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, कोडरमा जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी, लाभुक और लोग मौजूद थे.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news