आर्म्स एक्ट मामले में आरोपी पर किसने चलाई गोली, जानिए


जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): रविवार देर रात गोलमुरी थाना के नामदा बस्ती काली मंदिर के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उदय चौधरी नामक युवक को गोली मार दी. गोली युवक के सर पर लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है. हालांकि गोली लगने के बाद शहर में उदय की हत्या की खबर जोर- शोर से वायरल हुई, जिसपर थाना प्रभारी ने विराम लगाते हुए साफ कर दिया कि उदय जिंदा है और उसका ईलाज चल रहा है, मगर स्थिति नाजुक बनी हुई है.
घर जा रहा था पीड़ित
बताया जा रहा है कि उदय अपने घर केबुल टाउन की ओर जा रहा था, तभी दो बदमाश एक बाइक पर सवार होकर आए और उदय को निशाना बनाकर गोलियां दाग दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
हाल ही में जेल गया था उदय
सूचना पर घटनास्थल पहुंचे थाना प्रभारी ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिली है. पीड़ित उदय घायल अवस्था में मिला था, जिसे इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल लाया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि उदय हाल ही में आर्म्स एक्ट के मामले में जेल से छूट कर आया है. उदय का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उदय क्षेत्र में नशे के कारोबार को संचालित करता है.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर
4+