कतरास में जमीन फटने के बाद ग्रामीणों ने किया अवैध खनन का विरोध, जानें क्या है उनकी मांग


धनबाद(DHANBAD): कतरास में अवैध खनन के कारण हुए भू धसान के बाद इलाके के ग्रामीण सजग हुए हैं और अब वह खुलकर अवैध खनन का विरोध कर रहे हैं. ऐसा ही एक मामला सोनार डीह कोयरीडीह कोलियरी के तीन नंबर बंद खदान का सामने आया है. यहां बंद खदान से अवैध उत्खनन का ग्रामीणों ने विरोध किया है. गुरुवार को जब उन्हें सूचना मिली कि अवैध खनन के लिए महिला पुरुष पहुंचे हैं, तो वे वहां पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे. ग्रामीण पुलिस और बीसीसीएल के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. ग्रामीणों ने अवैध खनन की सूचना पुलिस को दी लेकिन पुलिस काफी विलंब से पहुंची. इस बीच ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्रामीण एसपी को दी और अवैध खनन करने और कोयले को बोरे में भरकर रखने की सूचना दी. ग्रामीणों के अनुसार बंद खदान का मुहाना खोलकर कोयला निकाला जा रहा है. 1000 से अधिक बोरी कोयला मुहाने के पास रखा हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन के कारण बस्ती के अलावा अगल-बगल के क्षेत्रों में भी धसान हो सकता है और कभी भी बड़ी घटना घट सकती है. ग्रामीणों ने मांग की है कि अवैध उत्खनन बंद कराया जाए और ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह,धनबाद
4+