1.65 लाख रुपए छिनतई कर भाग रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ा, 3 फरार

    1.65 लाख रुपए छिनतई कर भाग रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ा, 3 फरार

    दुमका (DUMKA): दुमका जिला के सरैयाहाट थाना के समीप सरैयाहाट मुख्य चौक पर बुधवार को दिन दहाड़े छिनतई की घटना घटी. स्कार्पियो सवार पांच युवकों ने कोठिया के रौशन शर्मा से 1.65 रुपया छीन लिया. रौशन ने साहस का परिचय देते हुए अपराधियों के स्कार्पियो की खिड़की में लटककर चाबी निकाल ली. चौक पर मौजूद लोगों ने वाहन के पिछले दरवाजे से भाग रहे दो युवकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं वाहन में सवार तीन युवकों ने चाबी देने के एवज में रौशन को 80 हजार रुपया वापस कर दिया और उसी वाहन से फरार हो गए. गिरफ्तार राहुल साह एवं सुनील कुमार भागलपुर के मिर्जानहाट का रहने वाला है. पुलिस उसकी निशानदेही पर फरार तीन युवकों की तलाश में भागलपुर में दबिश दे रही है.

    जानकारी के अनुसार रौशन किसी काम के लिए घर से 80 हजार रूपया लेकर आया था. उसने एसबीआइ के एटीएम 40 हजार और सेंट्रल बैंक से 45 हजार रुपयों की निकासी की. सारा पैसा एक बैग में रखकर दुकान से कुछ दवा खरीदकर चौक की तरफ जा रहा था. इसी बीच स्कार्पियो सवार युवकों ने बैग छीन लिया. पैसा छीने जाने के बाद युवक शोर मचाने की बजाय स्कार्पियो में चालक की खिड़की पकड़कर लटक गया और चाबी निकाल लिया. इसके बाद वाहन के पिछली सीट पर बैठे दो युवक उतरकर भागने लगे. दोनों को भागता देख लोगों ने पीछा किया और कुछ दूर जाकर धर दबोचा. इसी बीच वाहन में सवार तीन अन्य युवकों ने रौशन से चाबी मांगी. इंकार करने पर 80 हजार रुपए दिए और उससे ही चाबी लेकर भाग निकला. सूचना मिलने पर एसडीपीओ आमोद नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और आरोपियों से पूछताछ की. फरार युवकों का नाम पता मालूम होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में भागलपुर के लिए निकल गई.

    जिस नाटकीय अंदाज में छिनतई की घटना को अंजाम दिया गया उससे छिनतई कम और लेनदेन के विवाद की ज्यादा चर्चा हो रहा है. सवाल उठता है कि रौशन को एटीएम और बैंक के शाखा से रुपया क्यों निकालना पड़ा. वह चाहता तो एक जगह से भी निकाल सकता था. रुपया छीने जाने के बाद उसने शोर क्यों नहीं मचाया. उसने चाबी देने के एवज में 80 की बजाय पूरा 1.65 लाख रुपया क्यों नहीं लिया. लोगों का मानना है कि चौक में हर समय लोगों की भीड़ रहती है. अगर रौशन शोर मचाया होता तो सारे युवकों को पकड़ा जा सकता था. वाहन में रौशन को लटका देख लोगों को लगा कि चालक से मजाक कर रहा होगा. जब दो युवक भागने लगा तो मामला संदिग्ध लगा.

    बहरहाल गिरफ्त में आए दोनों अपराधी से पुलिस सच पता कर ही लेगी. वैसे इस मामले में सरैयाहाट थाना प्रभारी विनय कुमार का कहना है कि छिनतई का मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्त में आए दो युवकों से पूछताछ की जा रही है. सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है. जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा.

    रिपोर्ट. पंचम झा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news