मुथूट में डाका डालने पहुंचे अपराधियों की कार का नंबर था फर्जी, जानिए कैसे हुआ खुलासा


धनबाद(DHANBAD): धनबाद के मुथूट फाइनेंस में डाका डालने आए अपराधियों ने, जिस कार का इस्तेमाल किया था, वह बिहार पुलिस के हाथ लग गई है. यह कार i10 बताई गई है. इस बात का भी खुलासा हुआ है कि इस कार पर फर्जी नंबर लगाकर धनबाद लाया गया था. यह कार बिहार के समस्तीपुर से बरामद की गई है. कार को अभिषेक ने समस्तीपुर के उजियारपुर स्थित अपने बहनोई के घर पर छिपा रखा था. पुलिस उसके बहनोई को भी हिरासत में लेकर धनबाद पहुंची है और उससे पूछताछ की जा रही है. अभिषेक भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. पुलिस साला बहनोई दोनों से पूछताछ कर रही है. अभिषेक बहुत चतुर और चालाक वाहन चालक बताया जाता है. गाड़ी चलाने में वह एक्सपर्ट है. इस कारण ही उसे गिरोह में शामिल किया गया था. अभिषेक ने स्वीकार किया है कि बिहार, बंगाल सहित अन्य राज्यों के डाका कांड में भी वह शामिल था.
बार-बार बयान बदल रहे है आरोपी
ग्रामीण एसपी ने भी दोनों से पूछताछ की, लेकिन दोनों अभी बयान बदल रहे हैं. अभिषेक के बहनोई का कहना है कि वह यह कहते हुए कार को खड़ी कर गया था कि कुछ देर में आकर ले जाएगा, लेकिन उसके बाद वह नहीं आया. आपको बता दें कि बैंक मोड़ के मुथूट डाका कांड में अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई थी. भूली का एक अपराधी घटनास्थल पर ही मारा गया था. 2 को पुलिस ने धर-दबोचा था, जबकि तीन भागने में सफल हो गए थे और तीनों इसी i10 कार से धनबाद से भागे थे. इसी घटना के 3 दिन पहले गुंजन ज्वेल्स में भी डाका पड़ा था. पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर देख रही है, लेकिन गुंजन ज्वेल्स डाका कांड में अभी कोई बरामदगी नहीं हुई है.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+