आज से शुरू हुई झारखंड बोर्ड की मैट्रिक-इंटर परीक्षा, 1,989 केंद्रों में 7.48 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल


रांची (RANCHI): झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाएं आज 3 फरवरी से शुरू हो गई हैं. राज्यभर में आयोजित इन परीक्षाओं में कुल 7 लाख 48 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं. परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए इस बार सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को पहले से अधिक सख्त किया गया है.
जैक ने परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली हैं. प्रश्न-पत्र और अन्य सामग्री सभी जिलों तक पहुंचा दी गई है. कोषागार से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न-पत्रों की सुरक्षित ढुलाई और वितरण के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को सौंपी गई है, ताकि किसी भी स्तर पर चूक न हो.
इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में 4,23,861 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए राज्यभर में 1,232 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में 3,24,321 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जिनके लिए 757 केंद्र निर्धारित किए गए हैं. इस प्रकार कुल 1,989 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं. इंटरमीडिएट में संकायवार आंकड़ों की बात करें तो विज्ञान संकाय से 90,579, वाणिज्य से 21,195 और कला संकाय से 2,12,547 छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठ रहे हैं.
जैक के निर्देश के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. साथ ही प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रश्न-पत्रों के कोषागार से निकलने से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक हर प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
जैक के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मैट्रिक और इंटर दोनों परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है. मैट्रिक परीक्षा में गिरिडीह जिला सबसे आगे है, जहां से 40,827 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जबकि खूंटी जिला सबसे पीछे है, जहां से 6,097 छात्र परीक्षा दे रहे हैं. इंटरमीडिएट परीक्षा में भी गिरिडीह जिला परीक्षार्थियों की संख्या के मामले में शीर्ष पर है.
इस संबंध में जैक के सचिव जयंत कुमार मिश्र ने बताया कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा संचालन में किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र साथ रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है.
4+