झारखंड मुक्ति मोर्चा धनबाद जिला कमेटी के विवाद की पंचायती तो हुई लेकिन नहीं निकला कोई रास्ता,अब मुख्यमंत्री करेंगे फैसला


धनबाद(DHANBAD): झारखंड मुक्ति मोर्चा, धनबाद जिला कमेटी के विवाद की पंचायती मंगलवार को रांची में हुई. लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला. अब इस मामले का निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे. धनबाद जिला झामुमो के विवाद के निपटारे के लिए झामुमो के केंद्रीय कमेटी ने रांची में बैठक बुलाई थी. बैठक में जिला अध्यक्ष रमेश टुडू,सचिव पवन महतो के साथ-साथ केंद्रीय कमेटी के सदस्यों ने हिस्सा लिया. विनोद पांडे के सामने रमेश टुडू और पवन महतो ने अपनी अपनी बातें रखी. दोनों एक दूसरे पर आरोप भी लगाए, लेकिन इस पर अंतिम निर्णय कुछ नहीं हो सका. आश्वस्त किया गया कि जल्द ही इस पर केंद्रीय समिति निर्णय लेगी. बैठक में विधायक मथुरा महतो, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अमित सहाय, केंद्रीय प्रवक्ता नीलम मिश्रा, अशोक मंडल, अलाउद्दीन अंसारी, धरणीधर मंडल आदि शामिल थे. आपको बता दें कि धनबाद झामुमो में विवाद 2019 के विधानसभा चुनाव से शुरू हुआ था. जिला अध्यक्ष रमेश टूटू ने टुंडी सीट पर दावेदारी की थी और इसके बाद से ही विवाद की शुरुआत हुई. विधायक मथुरा महतो के रिश्तेदार पवन महतो और जिला अध्यक्ष रमेश टुडू में यहीं से दूरी बननी शुरू हो गई. 2021 में जब जिला कमेटी बनाने की बात हुई तो विवाद और गहरा गया और उसके बाद से विवाद चल ही रहा है.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+