बीसीसीएल क्वार्टर में 26 साल के युवक का शव मिलने से धनबाद में मचा हड़कंप

    बीसीसीएल क्वार्टर में 26 साल के युवक का शव मिलने से धनबाद में मचा हड़कंप

    धनबाद (DHANBAD): केंदुआडीह थाना क्षेत्र के पुराने थाना परिसर स्थित जर्जर बीसीसीएल क्वार्टर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान न्यू सब्जी मंडी निवासी 26 वर्षीय सुमन कुमार साव के रूप में हुई है, जो धनबाद में मोबाइल की दुकान चलाते थे. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए.

    थाना एएसआई सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि सोमवार रात सुमन अपने कुछ दोस्तों के साथ उसी जर्जर क्वार्टर में बैठकर पार्टी कर रहा था. दोस्तों के अनुसार, देर रात तक खाना-पीना चलता रहा और सुमन ने काफी मात्रा में शराब का सेवन किया. अधिक नशा होने के कारण वह वहीं सो गया, जबकि उसके सभी दोस्त देर रात अपने-अपने घर लौट गए. सुमन के दोस्तों को भी अंदाजा नहीं था कि रात में उसके साथ ऐसी कोई अनहोनी हो जाएगी.

    मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोग रोज की तरह आसपास से गुजर रहे थे, तो उन्होंने क्वार्टर के अंदर सुमन का शव पतले कपड़े के सहारे फंदे से लटका देखा. इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और घटना स्थल की जांच शुरू कर दी.

    प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि की जा सकेगी. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है कि मृतक ने खुद जान दी या घटना के पीछे कोई अन्य कारण हो सकता है.

    घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है. परिजन इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहे कि सुमन अब इस दुनिया में नहीं रहा. इलाके में भी गम का माहौल है.

    रिपोर्ट: नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news