BCCL में मृत को भी मिल रहा प्रमोशन,जानिए पूरा मामला


धनबाद(DHANBAD): लीजिए BCCL मृत कर्मी को भी दे रहा प्रोन्नति, इतना ही नहीं सेवानिवृत्त कर्मी को भी प्रमोशन मिल रहा है. जी हां, चौंकिए नहीं ऐसा ही कुछ हुआ है. मामला बीसीसीएल की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है. कोयला भवन से 19 अक्टूबर को राजापुर परियोजना कार्यालय को एक पत्र प्रमोशन के लिए भेजा गया है. इसमें एक मृत और एक सेवानिवृत्त कर्मी का भी नाम अंकित है. यह पत्र कोलियरी पहुंचते ही चर्चा में आ गया. प्रमोशन सूची में कुल 66 कर्मियों के नाम हैं. इनमें राजापुर परियोजना में हाजिरी बाबू के पद पर कार्यरत अभिराज सिंह का भी नाम लिखा गया है. जबकि अभिराज सिंह की मौत 3 साल पूर्व ही हो गई है. इतना ही नहीं, अभिराज सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह अनुकंपा के आधार पर पिता की जगह पर नौकरी भी पाई है. वह फिलहाल नौकरी में कार्यरत हैं. दूसरा नाम एसएन तिवारी कांटा बाबू का है, यह ऐना कांटा घर में कार्यरत थे. 3 माह पूर्व ही सेवानिवृत्त हो गए हैं. इन लोगों को 30 अक्टूबर तक प्रमोशन के लिए सभी आवश्यक कागजात कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया है.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह,धनबाद
4+