धनबाद के लाइफ लाइन बैंक मोड़ ओवरब्रिज मरम्मत के लिए निकला टेंडर, काम शुरू हुआ तो जानिए क्या क्या करने होंगे

    धनबाद के लाइफ लाइन बैंक मोड़ ओवरब्रिज मरम्मत के लिए निकला टेंडर, काम शुरू हुआ तो जानिए क्या क्या करने होंगे

    धनबाद (DHANBAD): धनबाद की लाइफ लाइन बैंक मोड़ ओवर ब्रिज की मरम्मत के लिए टेंडर निकल गया है. 25 अप्रैल तक टेंडर डालने की अंतिम तिथि तय की गई है. टेंडर फाइनल हो जाता है और काम जल्द ही शुरू होगा. काम शुरू हुआ तो इस ओवर ब्रिज पर कम से कम 3 महीने तक वाहनों का चलना पूरी तरह से बंद रहेगा. उड़ीसा की सुबुद्धि कंसलटेंसी की डीपीआर के अनुसार मरम्मत में लगभग ₹15 करोड़ खर्च होंगे.

    2021 में की गई थी ब्रिज की लोड टेस्टिंग

    2021 के अक्टूबर महीने में बैंक मोड ओवर ब्रिज की लोड टेस्टिंग की गई थी. इसके बाद सुबुद्धि कंसलटेंसी एजेंसी ने मरम्मत का सुझाव सरकार को दिया था. बालू भरे हाईवा को ओवरब्रिज पर रखकर इसकी लोड टेस्टिंग की गई थी. एजेंसी की रिपोर्ट के बाद ही टेंडर जारी किया गया है. डीपीआर में दो चरणों में फ्लाईओवर की मरम्मत का प्रस्ताव दिया गया है. पहले के 3 महीने में फ्लाईओवर के नीचे भूली मोड़ में चल रही एक दर्जन से अधिक दुकानों को हटाकर ओवर ब्रिज के पिलर की मरम्मत की जाएगी. साथ ही रेलिंग समेत अन्य दरारों को भरा जाएगा. मरम्मत होने के बाद दुकानों को फिर शिफ्ट कर दिया जाएगा.

    3 महीने तक वाहनों का आवाजाही रहेगा निषेध

    डीपीआर के अनुसार पहले 3 माह में पिलर मरम्मत का काम पूरा करने के बाद ऊपरी सड़क की परत तोड़कर उसकी मरम्मत की जाएगी. इस काम में भी 3 महीने का समय लग सकता है. इसके लिए 3 महीने तक वाहनों का आवाजाही निषेध रहेगा .डीपीआर में वैकल्पिक रास्ते की भी व्यवस्था बताई गई है. यह बात अलग है कि लोड टेस्टिंग के लिए 2021 में 3 दिनों के लिए ही आवाजाही रोका गया था तो शहर की अन्य सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव बढ़ गया था. 3 महीने अगर ट्रैफिक रुकेगी तो वैकल्पिक मार्गों को दुरुस्त किए बिना अगर इसकी घोषणा की गई तो जाम से शहर 3 महीने तक परेशान रहेगा. प्रशासनिक अधिकारियों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग को ठीक कराना एक चुनौती होगी. ओवर ब्रिज की फिलहाल हालत ठीक नहीं है. कभी रेलिंग टूट कर गिर जा रहे हैं तो कभी बोल्डर लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं.

    रिपोर्ट: धनबाद ब्यूरो 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news