तीन माह से लापता युवक का मिला कंकाल, शव के कई टुकड़े बरामद, क्षेत्र में फैली सनसनी

    तीन माह से लापता युवक का मिला कंकाल, शव के कई टुकड़े बरामद, क्षेत्र में फैली सनसनी

    रामगढ़ (RAMGARH): रामगढ़ शहर के श्रीकृष्णा मोहल्ला स्थित धांधार पोखर तालाब क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने तीन माह से लापता युवक सोनू राम के शव को कई टुकड़ों में बरामद किया. शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई. देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोग सुभाष चौक स्थित मुख्य मार्ग पर जमा हो गए और सड़क जाम कर न्याय, मुआवजा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे.

    सड़क जाम की सूचना पर रामगढ़ एसडीएम अनुराग तिवारी और रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया. प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच तेज की जाएगी और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी.

    बताया जा रहा है कि सोनू राम, जो रामगढ़ कैंट क्वार्टर का रहने वाला था, लगभग तीन माह पहले अचानक लापता हो गया था. परिजनों ने उसकी गुमशुदगी को लेकर रामगढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस लगातार खोजबीन में जुटी थी. बुधवार को कंकाल मिलने के बाद जांच तेजी से आगे बढ़ी.

    पुलिस ने हत्या के मामले में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बंगाली टोला निवासी रंजीत सिंह उर्फ नाना को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसने सनसनीखेज खुलासा किया कि 17 सितंबर को उसने सोनू राम की हत्या कर दी थी और हत्या के बाद शरीर के कई टुकड़े कर श्रीकृष्णा पुरी मोहल्ले के जंगल में फेंक दिया था. पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर शव के अवशेष बरामद किए. मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में भय और गुस्से का माहौल है, वहीं पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

    रिपोर्ट : अनुज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news