धनबाद में बेधड़क बालू से तेल निकाल रहे हैं तस्कर, जानिए मामला


धनबाद(DHANBAD): धनबाद में बालू की किल्लत के बावजूद सरकारी काम की सेहत पर कोई असर नहीं है. निजी काम भी हो रहे हैं. कीमत मनमाना जरूर लग रहा है. मतलब साफ है कि बालू की बिक्री बेधड़क चल रही है. आंकड़ों पर गौर करें तो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जून माह में रिकॉर्ड 2514 आवास के निर्माण का दावा किया गया है जबकि 3095 का निर्माण चल रहा है.
बालू तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश
अधिकारी कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा लगातार केंद्र सरकार कर रही है. इसका अपडेट लिया जा रहा है. संभवत 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ पूरे हुए आवासों की घोषणा करेंगे. सभी प्रखंडों के अधिकांश पंचायतों को जियो टैगिंग से जोड़ा गया है. यह तो हुई एक तरफ की बात, दूसरी तरफ बालू की बेधड़क तस्करी चल रही है. वहीं 9 जुलाई को धनबाद के उपायुक्त ने भी चिरकुंडा के बालू घाटों में पर छापामारी कर बालू तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया था. उस आदेश का कितना अनुपालन हुआ है या हो रहा है, यह तो कहना मुश्किल है लेकिन बालू की गाड़ियां शहर की सड़कों पर दौड़ रही है.
यह भी पढ़ें:
तार-तार हो रही एनजीटी की रोक
बता दें कि अभी एनजीटी ने भी रोक लगा रखी है. बावजूद बालू की ढुलाई-बिक्री बेधड़क चल रही है. संगठित गिरोह इस काम में लगा हुआ है. टुंडी हो ,चिरकुंडा हो या भौरा हो या सिंदरी , सब जगह से बालू का उठाव किया जा रहा है. जामताड़ा तो सेंटर पॉइंट बन गया है. बता दें कि बालू के उठाव को लेकर हंगामा मचा हुआ है. अभी हाल ही में जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी ने फोटो जारी कर धनबाद जिले में बालू तस्करी चलने का खुलासा किया था. उसके बाद प्रशासन थोड़ा रेस हुआ ,कहने को तो छापेमारी की जा रही है ,गाड़ियां जब्त हो रही है लेकिन बालू तस्करों के आगे व्यवस्था बौनी दिख रही है. जानकर सूत्रों के अनुसार स्टॉक में इतना बालू नहीं है ,जितने की रोज बिक्री और ढुलाई की जा रही है.
रिपोर्ट: शंभवी सिंह, धनबाद
4+