भारत मौसम विज्ञान विभाग का 148वां स्थापना दिवस : रांची का मौसम केंद्र देश में सबसे सर्वश्रेष्ठ

    भारत मौसम विज्ञान विभाग का 148वां स्थापना दिवस : रांची का मौसम केंद्र देश में सबसे सर्वश्रेष्ठ

    रांची(RANCHI): भारत मौसम विज्ञान विभाग के 148वें स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर “मौसम केंद्र, रांची को देश का सर्वश्रेष्ठ मौसम केंद्र घोषित किया गया. मौसम केंद्र, रांची के कार्यालय प्रमुख अभिषेक आनंद स्थापना दिवस समारोह में मौसम भवन नई दिल्ली में उपस्थित रहे और पुरस्कार लिया. बता दें कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  डॉ जितेंद्र सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय थे.    

    रांची मौसम केंद्र द्वारा बीते साल किए गए कुछ प्रमुख काम

    1. रांची स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत, रांची शहर में कई स्थानों पर 50 वी.एम.एस.बी. (वैरिएबल मैसेज साइन बोर्ड) स्थापित किए गए हैं. इसके तहत दैनिक आधार पर सूर्योदय, सूर्यास्त डेटा के साथ मौसम की जानकारी दी जा रही है जो पूरे दिन वीएमएसबी में लगातार प्रदर्शित होते रहते हैं.

    2. CAP-SACHET (कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल) को सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया गया. इसके लिए राज्य आपदा प्रबंधन के साथ समन्वय कर जनता को चेतावनी अलर्ट का प्रसार किया जाता है. कृषि क्षेत्र हेतु प्रभाव आधारित पूर्वानुमान और फ़सल संबंधित सलाह भी दी जाती है.

    3. प्रभाव आधारित पूर्वानुमान जारी करने के लिए जोखिम/भेद्यता (Vulnerability) डेटा के प्रावधान के लिए झारखंड अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (Jharkhand Space Application Centre), झारखंड राज्य सरकार के साथ समन्वय कर रहा है.

    4. मौसम संबंधी पहलुओं और प्रेक्षण विधियों पर प्रारम्भिक जानकारी के लिए स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों को कार्यालय में आमंत्रित किया जाता है.

    5. विभाग की ओर से इंजीनियरिंग कॉलेजों और अनुसंधान संस्थानों के साथ भी समझौता किया है. बीआईटी मेसरा, सीआईटी टाटीसिल्वे और बीएयू रांची का दौरा किया है.

    6. देवघर हवाई अड्डे का चालू होना : 12 जुलाई, 2022 को देवघर हवाई अड्डे के लिए मौसम सेवाएं पूरी तरह चालू हो गईं.

    7. संसदीय राजभाषा समिति के द्वारा मौसम केंद्र, रांची के साथ निरीक्षण बैठक हुई, जिसमे केंद्र द्वारा किए जा रहे काम को सराहा गया.

    8. महानिदेशक, भारत मौसम विज्ञान विभाग का मौसम केंद्र, रांची में शुभागमन.

    9. सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक सुगमता से मौसम की सूचना उपलब्ध कराई गई.

    वहीं, पुरस्कार पाने के बाद कार्यालय प्रमुख अभिषेक आनंद ने सभी कर्मियों को बधाई दी. साथ ही इस अवसर पर उन्होंने मीडियाकर्मियों को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि केंद्र के कर्मियों के साथ और उत्साह से काम करेंगे  और बेहतर से बेहतर सेवा प्रदान करने की कोशिश करेंगे.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news