रामगढ़ में बच्चा चोरी की अफवाहों पर प्रशासन सख्त, संदेह होने पर 112 डायल करने की मिली सलाह

    रामगढ़ में बच्चा चोरी की अफवाहों पर प्रशासन सख्त, संदेह होने पर 112 डायल करने की मिली सलाह

    रामगढ़ (RANGARH): जिले में इन दिनों बच्चा चोरी की फैल रही अफवाहों को लेकर पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है. रामगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अपुष्ट सूचना या सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों पर भरोसा न करें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें.

    रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर बच्चा चोरी करने का संदेह होता है, तो लोग खुद कार्रवाई करने की कोशिश न करें. ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू या रामगढ़, पुलिस अधीक्षक कार्यालय या आपातकालीन सेवा डायल 112 पर सूचना दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना मिलते ही तत्काल जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    पुलिस प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सोशल मीडिया या मौखिक रूप से फैल रही भ्रामक खबरें समाज में भय और अराजकता का माहौल पैदा करती हैं, जिससे निर्दोष लोगों को नुकसान पहुंच सकता है.

    एसपी अजय कुमार ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और जिले में कानून-व्यवस्था कायम रहे.

    रिपोर्ट : अनुज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news