Railway News: दो रेलकर्मियों के आश्रितों को ‘‘रेलवे वेतन पैकेज‘‘ के अनुसार मिला एक-एक करोड़ का चेक!


धनबाद(DHANBAD) | महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह द्वारा मंगलवार को मुख्यालय, हाजीपुर में सोनपुर मंडल के दो दिवंगत रेलवे कर्मचारियों के परिवारों को ‘‘रेलवे वेतन पैकेज‘‘ के तहत एक-एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया. महाप्रबंधक के निर्देश एवं सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन में सोनपुर मंडल द्वारा दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को समस्त देयको का त्वरित एवं पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित किया गया. इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी एस.सी. श्रीवास्तव तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
सोनपुर मंडल में कार्यरत 02 कर्मचारियों के असामयकि निधन के उपरांत उनके आश्रितों को नियमानुसार समस्त समापक देयक एवं पारिवारिक पेंशन शीघ्र स्वीकृत की गई. भारतीय रेल एवं स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के बीच ‘‘रेलवे सैलरी पैकेज‘‘ समझौते के अंतर्गत बीमा प्रावधान अनुसार दुर्घटना में असामयिक मृत्यु पर 01 करोड़़ रूपए राशि जमा कराई गई.
विदित हो कि भारतीय रेल एवं स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के मध्य ‘‘रेलवे सैलरी पैकेज‘‘ के अंतर्गत संपादित समझौते के प्रावधानानुसार, दुर्घटना में असामयिक मृत्यु की स्थिति में 01 करोड़ रूपए की बीमा राशि देय है. तदनुसार दोनों आश्रितों के खातों में 1-1 करोड़ रूपए की बीमा राशि जमा कराई गई तथा आज महाप्रबंधक द्वारा दोनों आश्रितों को चेक प्रदान किए गए. यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने दी है.
4+